बंशीधर नगर : जिला कृषि पदाधिकारी लक्ष्मण उराव के निर्देश पर प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी उमेश राम तथा आत्मा के एटीएम दयानंद पांडेय को खाद बटवाने के लिए हेंन्हो मोडस्थित नाथ इंटरप्राइजेज में प्रतिनियुक्त किया गया है।
उक्त दोनों अधिकारियों की उपस्थिति में शनिवार को किसानों के बीच यूरिया खाद का वितरण कराया गया, लेकिन उक्त पदाधिकारियों की उपस्थिति में भी खाद विक्रेता द्वारा खाद के साथ जायम की थैली और बाल्टी लेने को किसानों को विवश होना पड़ा। किसानों ने बताया जो खाद के साथ जायम व बाल्टी नहीं ले रहे हैं, उन्हें खाद नहीं मिल रहा रहा है। उक्त पदाधिकारियों ने इसकी जानकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार को दिया।
खाद के साथ जायम और बाल्टी नहीं लेने वाले किसानों को खाद नहीं मिलने पर उनमें आक्रोश था। जायम व बाल्टी का अतिरिक्त मूल्य किसानों को वहन करना पड़ रहा है। लगभग 50 किसानों द्वारा खाद के साथ जायम और बाल्टी खरीदा गया।
इस संबंध में पूछे जाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि दुकान पर प्रतिनियुक्त प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी उमेश राम व एटीएम दयानंद पांडेय द्वारा इसकी जानकारी मिलने के बाद इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दिया गया है।