गढ़वा :
उपायुक्त गढ़वा रमेश घोलप की अध्यक्षता में भू-अर्जन के तहत एनएच 75 सेक्शन 5 खजूरी से विंढमगंज पथ चौड़ीकरण/फोरलेन एवं एनएच 75 सेक्शन 4 गढ़वा बाईपास के तहत अचला नावाडीह एवं खजरी में भूमि अधिग्रहण से संबंधित समीक्षात्मक बैठक संपन्न की गई।
उक्त बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, गढ़वा राज महेश्वरम, संबंधित अंचल अधिकारी, अंचल निरीक्षक, हल्का कर्मचारी आदि उपस्थित थें। सड़क चौड़ीकरण में रैयतों की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने एवं मुआवजा देने हेतु अंचलवार समीक्षा की गई। लैंड एक्विजिशन में धीमी प्रक्रिया को लेकर उपायुक्त द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। एनएच 75 सेक्शन 5 खजूरी से विंढमगंज पथ चौड़ीकरण से संबंधित विभिन्न एजेंडों पर चर्चा करते हुए अद्यतन स्थिति से अवगत होने के उपरांत कार्य में तेजी लाते हुए 31 जनवरी तक पूर्ण कर लेने हेतु निर्देशित किया गया।
उक्त पथ चौड़ीकरण अंतर्गत कुल 37 ग्रामों का अवार्ड निर्माण किया जा चुका है। अंचल अधिकारी गढ़वा, मेराल, रमना एवं नगर उंटारी को निर्देशित किया गया है कि अवार्ड निर्माण किए गए 37 ग्रामों का भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। अंचल अधिकारी रमना, नगर उंटारी से अर्जनाधीन भूमि पर अवस्थित संरचना की भूमि का किस्म (गैoमo, रैयती, जंगल-झाड़ी आदि) का अप्राप्त सत्यापन प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त nh75 सेक्शन 4 गढ़वा बाईपास के तहत ग्राम अचला नावाडीह एवं ग्राम खजुरी में भूमि अधिग्रहण का कार्य जल्द करने हेतु निर्देशित किया गया। अंचलवार समीक्षा करने के दौरान जिन अंचलों में शून्य प्रतिवेदन पाया गया, उस पर उपायुक्त द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारियों को फटकार लगाई गई एवं प्राथमिकता के साथ कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
भूमि अधिग्रहण से संबंधित कार्य का 31 जनवरी तक निश्चित रूप से पूर्ण करने हेतु उपस्थित सभी अंचल अधिकारी, अंचल निरीक्षक एवं हल्का कर्मचारी तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जिन अंचलों में कर्मियों की कमी बताई गई वहां एलपीसी का कार्य पूर्ण करने हेतु अन्य हल्का कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति कर देने की बात भी कही गई।