गढ़वा :
स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा सप्ताह के अर्न्तगत नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय स्तर पर डालटनंगज स्थित जीएलए कॉलेज में सोमवार को आयोजित भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता में सूरत पाण्डेय डिग्री कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई (एनएसएस) ने दो पुरस्कार अर्जित किया।
कुलपति डा. रामलखन सिंह के द्वारा सफल प्रतिभागियों को उक्त पुरस्कार प्रदान किया गया। इस सफलता के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रवीन्द्र कुमार द्विवेदी व जिला नोडल सह कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कमलेश कुमार सिन्हा ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की है।गौरतलब है कि विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय की एनएसएस इकाई की वालंटियर अंजली कुमारी ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया।
वहीं महाविद्यालय के एनएसएस इकाई के वालंटियर पुनीत चौबे ने निबंध प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। महाविद्यालय की एनएसएस इकाई की ओर से इस प्रतियोगिता में इन प्रतिभागियों के अतिरिक्त दीपिका कुमारी, विनीत चौबे, विवेक कुमार गुप्ता, अंजली कुमारी ने भाग लिया था। कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. सिन्हा ने बताया कि चयनित सभी प्रतिभागी रांची में आयोजित राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेेने के लिए रवाना हो गये हैं।