कांडी : प्रखंड के अधौरा गांव के दर्जनों पीड़ित महिला पुरुषों ने गुरुवार को पंचायत मुखिया योगेन्द्र राम का घेराव किया। सभी ने मुखिया से कहा कि आज हम सभी बेघर हो गए। साथ ही अन्य कई लोग बेघर होने के कगार पर पहुंच गए हैं। कांडी प्रखंड अंतर्गत शिवपुर पंचायत के अधौरा गांव में बुधवार की रात भारी बारिश को कई कच्चे मकान नहीं झेल सके। ऊपर से भारी बरसात की मार और नीचे जाम नाली के पानी की तेज धार ने कच्चे मकानों को धो डाला। इस आफत में जहां सोहराई राम का मकान ध्वस्त हो गया। वही संतु राम का मकान भी ध्वस्त हो गया। महेंद्र चैधरी के मकान का एक भाग ध्वस्त हो गया। जबकि मुनेश्वर ठाकुर का मकान लगातार ढह रहा है। वहीं मुन्ना चैधरी के कच्चे मकान में गांव की नाली का सारा पानी घुस गया।
जिससे इस मकान पर भी ढहने का खतरा मंडरा रहा है। मालूम हो कि गांव के दक्षिणी गली से आ रही नाली जाम हो गई है। आगे इस नाली का निकास सड़क निर्माण के समय बंद हो गया है। नतीजा है कि नाली का पानी ऊपर से बहते हुए कच्चे मकानों की नींव में प्रवेश कर रहा इधर आसमानी आफत से पीड़ित परिवारों ने शिवपुर पंचायत के मुखिया योगेन्द्र राम को मौके पर बुलाकर अपनी दुर्दशा दिखलाई। जिसमें सोहराई राम, महेंद्र चैधरी, संतु राम, बिफनी देवी, सुनैना देवी, अयोध्या ठाकुर, मुन्ना चैधरी, शंभु साह सहित कई शामिल थे। मुखिया ने पीड़ित परिवारों को हर सम्भव मदद पहुंचाने की बात कही।