ब्रेकिंग न्यूज
गढ़वा : गढ़वा शहर के सहिजना मोहल्ला व करमडीह गांव के बीच दानरो नदी पुल के नीचे एक मजदूर का शव पुलिस ने बरामद किया है। मृतक की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के जाटा गांव निवासी शपथ महतो के पुत्र रामसेवक मेहता (30) के रूप में किया गया है। घटना शुक्रवार देर शाम की है। लेकिन इसका पता शनिवार की सुबह लोगों को हुई। जब कुछ लोग शौच के लिए नदी में जा रहे थे, तो उन लोगों ने पुल के नीचे साइकिल गिरा हुआ देखा। पास में ही एक शव पड़ा हुआ था।
घटना के संबंध में बताया गया की रामसेवक शहर में दिहाड़ी मजदूर का काम किया करता था। प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को भी वह शहर से काम निपटा कर जाट अपने घर अपनी साइकिल से वापस लौट रहा था। लेकिन यह पता नहीं चल सका की उसके साथ यह घटना कैसे घटी ? शव को नदी के नीचे देखने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना गढ़वा थाना को दी।
सूचना के बाद गढ़वा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल गढ़वा ले आई है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत ने कहा कि पुल के नीचे किसी व्यक्ति के शव की सूचना के बाद फोर्स को भेजा गया है। शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया गया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।