गढ़वा :
गढ़वा जिले के राजनीति में लंबे अंतराल के बाद शनिवार को विरोध प्रदर्शन के नाम पर जनसैलाब सा उमड़ा नजर आया। उमड़ी भीड़ को लेकर राजनीतिक गलियारे में चाहे जो चर्चा हो रही हो, पर इससे इंकार नहीं किया जा सकता है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी के द्वारा नोटिस दिए जाने के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन के बहाने स्थानीय विधायक तथा झारखंड सरकार के पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन कर विरोधियों को अपने राजनीतिक ताकत का संकेत दे दिया है।

मिथिलेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में झामुमो की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शन को लेकर सुबह 9:00 बजे से ही रामा साहू उच्च विद्यालय के निकट स्थित मैदान में जिले के विभिन्न इलाकों से जो वाहनों का काफिला झामुमो कार्यकर्ताओं-समर्थकों का पहुंचना शुरू हुआ, वह सिलसिला घंटों तक जारी रहा।
दोपहर 12:00 बजे तक रामा साहू के निकट स्थित मैदान पूरी तरह से भर चुका था। शहर के तमाम इलाके में झामुमो के झंडे लगाए ऑटो, सवारी गाड़ी, बोलेरो, स्कॉर्पियो कमांडर सभी तरह के छोटे-बड़े यात्री वाहन से शहर का तमाम इलाका पट सा गया। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी पूरी तरह से उमड़ी भीड़ के कारण चरमरा सी गई। कुछ देर के लिए तो मानो पूरा शहर की गतिविधि रुक सा गया था।

तात्पर्य यह की भीड़ काफी थी और भीड़ में शामिल लोग बड़े ही अनुशासित थे, जो रामा साहू उच्च विद्यालय के निकट स्थित मैदान से समाहरणालय तक रैली की शक्ल में हाथ में तख्ती लिए केंद्र सरकार व केंद्र सरकार की एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी करते पहुंचे। जहां पर घंटों भाषणबाजी भी चली।
यूं तो आज के रैली व विरोध प्रदर्शन का एजेंडा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार थी, मगर जब मंच से संबोधन करने मंत्री उतरे तो उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार के साथ-साथ झारखंड कि पूर्व की भाजपा सरकार को तो आड़े हाथों लिया ही पर अपने स्थानीय राजनीतिक विरोधियों पर भी जबरदस्त हमला बगैर नाम लिए बोला।
अपने राजनीतिक प्रतिद्वंदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने कार्यकाल में ठेका बालू बेचने वाले हमारे कार्यकाल के विकास को देखकर घबरा गए हैं। कुछ ऐसी ही अंदाज में मंत्री ने विरोधियों को निशाने पर लिया है।
तात्पर्य यह कि शनिवार को जिला मुख्यालय गढ़वा में आयोजित झामुमो की रैली पूरी तरह से स्थानीय विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर की शक्ति प्रदर्शन थी।
अब इस शक्ति प्रदर्शन का गढ़वा जिले के राजनीति में आने वाले समय में क्या असर होगा? खुद को सरवाइव करने के लिए जवाब मंत्री श्री ठाकुर के राजनीतिक प्रतिद्वंदी कैसे देंगे? इसे देखने के लिए आने वाले वक्त का गढ़वा के लोगों को इंतजार करना ही होगा। क्योंकि विरोध प्रदर्शन के नाम पर मंत्री ने जिस अंदाज में शक्ति प्रदर्शन किया है, वह गढ़वा की राजनीति में हलचल पैदा करेगा ही, इससे इनकार नहीं किया जा सकता है।