गढ़वा :
केंद्र सरकार के खिलाफ गढ़वा जिला झामुमो ने विरोध प्रदर्शन किया जिसमें जनसैलाब सा उमड़ गया।झामुमो के तत्वाधान में आयोजित यह रैली रामा साहू उच्च विद्यालय के मैदान से निकलकर मंझियांव मोड़, मेन रोड, रंका मोड़ होते हुए समाहरणालय तक गई। वहां जनसभा में तब्दील हो गई। इस दौरान केंद्र की मनमानी नहीं चलेगी, झारखंड के गरीब - गुरबो की सरकार को अस्थिर करना बंद करो आदि नारे लगाए गए।

इस मौके पर गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि झारखंड सहित अन्य राज्यों में भाजपा को मिली हार से केंद्र सरकार बौखला गई है। जनता की चुनी हुई गरीब गुरबो, झारखंडी जनमानस की सरकार को केन्द्र सरकार अस्थिर करने पर तुली हुई है।
इसके लिए केंद्र हर हथकंडा अपना रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता सब देख रही है एवं भली-भांति समझ रही है। जनता की चुनी हुई सरकार को अस्थिर करना झारखंड व झारखंड वासियों के साथ भद्दा मजाक है। केंद्र सरकार येन, केन, प्रकारेण सभी राज्यों में जनभावना के विरुद्ध भाजपा की सरकार बनाना चाहती है।

यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। भाजपा अपने षड्यंत्र एवं साजिश से लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपने षड्यंत्र से बाज नहीं आती है तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन होगा। झारखंड व झारखंडियों के हित के लिए झामुमो चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने ने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा दहाई अंक भी पार नहीं कर सकेगी।
पिछली सरकार में बालू का जमकर लूट हुआ। पूरे झारखंड को खोखला बना दिया गया। अब झारखंड में जब विकास की बयार बह रही है तो भाजपाइयों को पच नहीं रहा है। मौके पर पूर्व विधायक अनंत प्रताप देव, झामुमो जिलाधक्ष तनवीर आलम आदि ने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सचिव मनोज ठाकुर, प्रवक्ता धीरज दुबे, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अंजली गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, आशुतोष पांडेय, नवीन तिवारी, विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र सिन्हा, कंचन साहू, चंदन पासवान संजय चौधरी, पूर्व नप अध्यक्ष अनिता दत्त सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।