बंशीधर नगर : जिले के नगर उंटारी के बराईटांड़ जंगल में उत्तर प्रदेश की दो नाबालिग आदिवासी लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों पीड़ित का कोर्ट में 164 का बयान दर्ज कराया है।
बता दें कि यूपी के कोन थाना क्षेत्र की रहने वाली दोनों लड़कियां 29 जुलाई को अपने रिश्तेदार के साथ बाइक से अपना आधार कार्ड अपडेट कराने नगर उंटारी आई थी। शाम पांच बजे वे गरबान के रास्ते अपने घर लौट रही थीं। नगर उंटारी-गरबान मार्ग पर बराईटांड़ जंगल में शौच के लिए लड़कियां रुक गईं थी। उसी वक्त नगर उंटारी की ओर से चार बाइक पर सवार 12 युवक वहां पहुंच गए। युवकों ने रिश्तेदारों के साथ मारपीट की। उसके बाद दोनों लड़कियों को पकड़ कर जंगल ले गए और उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
वहीं, एक रिश्तेदार किसी तरह वहां से बाहर निकलकर 100 नंबर पर डायल कर पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तब तक युवक वहां से भाग गए थे। पुलिस दोनों लड़कियों को थाना ले आई और जांच की प्रक्रिया में जुट गई।
एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म की प्राथमिकी अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कर ली गई है। लड़कियों की मेडिकल जांच कराई गयी है और उनका 164 का बयान भी दर्ज करा लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की तेजी से जांच कर रही है, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।