कांडी : कांडी थाना क्षेत्र के लमारी कला गांव निवासी वृक्ष रजवार के 21 वर्षीय पुत्र अशोक कुमार की मौत बिहार के अंकोरहा स्थित माड़र गांव में खेत में काम करने के दौरान वज्रपात से हो गई। अशोक गुरुवार को अपने रिश्तेदारों के साथ माड़र गांव के बलि सिंह के घर धान रोपाई करने गया था।
शुक्रवार की दोपहर हुए वज्रपात में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य चार लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। अशोक अपने भाई व बहनोई के साथ वहां काम करने गया था जहां काम के दौरान ही वज्रपात से मौत हो गई।
इस घटना में अशोक के साथ उसके बहनोई की भी मौत हो गई। अंकोढ़ा पुलिस द्वारा शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम कराया गया। तत्पश्चात शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
शनिवार को शव लमारी कला गांव लाया गया जहां पंडी नदी में शव का अंतिम संस्कार किया गया।