बंशीधर नगर :
- गढ़वा रोड-चोपन रेलखंड पर नगर उंटारी रेलवे स्टेशन से पश्चिम 47 किलोमीटर पर एक अज्ञात महिला कोयला लदे डाउन मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतिका का करीब 10 माह का पुत्र ट्रैक पर घायल होकर रो रहा था। जिसे स्थानीय युवक आश्मीन ने अपनी गोद में उठा लिया। पहनावा से मृतिका मुस्लिम परिवार की लग रही है।

सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद कुमार केशरी व थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंच मृतिका के करीब 10 माह के घायल पुत्र को महिला पुलिस के साथ तत्काल इलाज हेतु अनुमंडलीय अस्पताल भेजे। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद कुमार केशरी व थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि इलाज के बाद आरक्षी अधीक्षक के निर्देशानुसार मृतिका के पुत्र को सीडब्ल्यूसी को सुपुर्द किया जाएगा।
पुलिस शव को कब्जे में कर थाना ले आई है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल गढ़वा भेजा जाएगा। समाचार लिखे जाने तक मृतिका की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही शव देखने के लिए रेलवे ट्रैक पर अगल-बगल गांव के ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।