भवनाथपुर :
इंटक के नेतृत्व में तुलसीदामर खदान मजदूर, उपायुक्त गढ़वा और सेल प्रबंधन के साथ हुए त्रिपक्षीय वार्ता के बाद उपायुक्त गढ़वा ने मजदूरों के मांग पर क्षेत्रीय श्रमायुक्त पटना और बी एस एल महाप्रबंधक एस एन पाण्डा को पत्र लिख कर व्यक्तिगत रूप से धरना स्थल पर आकर मजदूरों के समस्याओं की जानकारी प्राप्त करते हुए अविलंब निराकरण कराने का अनुरोध किया है।
पत्र में कहा है कि सेल द्वारा संचालित भवनाथपुर खदान समूह के तुलसीदामर डोलोमाइट खदान में कार्यरत निबंधित 730 B Form के लगभग 250 से 300 मजदूर अपनी मांगों को लेकर सात दिनों से अनिश्चितकालीन घेरा डालो डेरा डालो कार्यक्रम के तहत धरना पर बैठे हुए हैं। अत्यधिक ठंड पड़ने के कारण मजदूरों की तबीयत खराब होने एवं एक ही जगह पर अधिक संख्या में लोगो को इकठ्ठा होने से कोविड-19 संक्रमण की संभावना है।
जिस से कभी भी विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है। इस लिए उपरोक्त दोनों अधिकारी व्यक्तिगत रूप से आकर मजदूरों की मांग सुनते हुए निराकरण करें।