रेहला :
युवा जागृति सेवा मंच एवं बाजार समिति, मल्लाह टोली के सफल प्रयास से गांव के ही धनकाई नदी के पास रविवारीय सप्ताहिक बाजार का शुभारंभ हुआ। विशिष्ट अतिथि चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुलदेव चौधरी, प्रखंड प्रमुख संतोष चौबे एवं जिला परिषद सदस्य विजय रविदास सहित कई गणमान्य लोगों ने फीता काटकर एवं नारियल तोड़कर रविवारीय साप्ताहिक बाजार का शुभारम्भ किया।

साथ ही उदय चौधरी, मनोज भारती, सूरज तहलका, खुशबू राणा, पवन दीवाना सहित कई कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम में गीत- संगीत भी प्रस्तुत किया गया। अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ कुलदेव चौधरी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है जो इस क्षेत्र का तकदीर और तस्वीर बदलने के लिए वरदान साबित होगा।
क्योंकि कई गांव का संगम स्थल है। बाजार समिति को उपहार सौंपते हुए महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए बाजार स्थल पर वीरांगना फूलन देवी की प्रतिमा स्थापित करने का आग्रह किया। जिला पार्षद विजय रविदास ने कहा कि इस गांव में बाजार खुलना काफी सराहनीय है। यहाँ से मछली, रस्सी, भेड़ की घी जैसी कुछ विशेष चीजों के लिए लोग बहुत दूर दूर से ग्राहक आएंगे और यह स्थल काफी होते चला जायेगा। वहीं विश्रामपुर प्रमुख ने समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे कदम उठाकर जनहित में बहुत बड़ा कार्य किया गया है। निश्चित तौर पर हर तबके को लाभ मिलेगा। युवा जागृति सेवा मंच के संस्थापक सह बाजार समिति के अध्यक्ष बचनदेव चौधरी ने कहा कि बाजार शुरू करने के पीछे का उद्देश्य यह है कि सप्ताह में एक दिन छुट्टी का दिन रविवार को शाम में लोग बाजार आएं और सस्ते दर पर अच्छी चीजों का खरीददारी करें।
वैसे शहरी बाजार में सामान भी महंगा होता है और ताजा मिलना थोड़ा मुश्किल होता है। लेकिन इस छोटे से बाजार में छोटे छोटे दुकानदारों के माध्यम से सभी तरह का सामान सस्ते दर पर उपलब्ध मिलेगा। बाजार के माध्यम से कई लोगों को रोजगार मिलेगा। जैसे साग-सब्जी, फल, छोले-भटूरे, चाट-पकौड़े, नमकीन, कपड़े, जूते-चप्पल, नकली जेवर, महिलाओं के लिए मेकअप का सामान इत्यादि। एक तरह से यह बाजार सप्ताह में एक बार घर से बाहर निकलने का मौका देता है। दोस्तों-सहेलियों के साथ मिलकर हालचाल के साथ ही मनपसंद चीज खाने का मौका भी मिलेगा। जहां बड़ी कंपनियां 5 रुपये में सामान बेचती है वही गांव के बाजार में वही सामान 3 रुपये में मिल जाता है। बड़े और छोटे बाजार में दाम का काफी अंतर होता है और इसका फायदा सीधे यहाँ के क्षेत्रवासियों को मिलेगा।
एक तरफ दुकानदार को तो दूसरी तरफ खरीददार को और साथ ही जहां बाजार लगने लगता है उस क्षेत्र का विकास होना लाजमी है। क्योंकि सामान का आयात-निर्यात बढ़ जाता है और व्यापार के क्षेत्र में लोग कदम बढ़ाने लगते हैं। जब व्यापार बढ़ेगा तो आर्थिक स्थिति सुधरेगी और आर्थिक स्थिति सुधरेगी तो निश्चित रूप से हर परिवार का विकास हो पाएगा। बाजार समिति के लोगों ने किसी भी परिस्थिति में दुकानदारों को सहयोग करने की इच्छा जतायी है। मौके पर डॉ बी पी शुक्ला, पूर्व मुखिया श्यामा तिवारी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रमेश पाल, भूतपूर्व रेलवे गार्ड दिलीप सिंह, गायक शिवकुमार चौधरी, सुरेंद्र दीक्षित, दामोदर चौधरी, रोहित तिवारी, समिति उपाध्यक्ष दिलीप चौधरी, कोषाध्यक्ष विकास चौधरी, अमरेश चौधरी, बिदेशी चौधरी, गोविंद चौधरी आदि काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
जमीन दानदाता वीरेंद्र चौधरी, रामपुकार चौधरी, जगदीश चौधरी हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता बचनदेव चौधरी एवं संचालन शिक्षक अमित कुमार सिंह ने किया।