गढ़वा :
आज उपायुक्त श्री राजेश कुमार पाठक की अध्यक्षता में सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम की तैयारी से संबंधित बैठक आहूत हुई।

मौके पर उपायुक्त ने सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर दिनांक 29 दिसंबर 2021 को राज्य स्तर एवं जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के संदर्भ में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में गढ़वा जिले से विभिन्न योजनाओं से संबंधित 60 लाभुकों को रांची भेजा जाना है। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी सदर तथा जिला परिवहन पदाधिकारी को लाभुकों को भेजे जाने के संदर्भ में उचित विधि व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
वहीं जिला स्तर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम के संदर्भ में उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में कमिटी गठित करते हुए इस पर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। उपायुक्त ने कहा कि जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में भी विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं से संबंधित लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण किया जाएगा। ऐसे में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को लाभुकों से संबंधित सूची एक ब्रीफ नोट के साथ जिला विकास शाखा को जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि कोविड-19 गाइडलाइन का अनुपालन कराते हुए पूरी विधि व्यवस्था के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को कार्यक्रम के आयोजन से संबंधित उनके दायित्वों से अवगत कराया।
विदित हो कि आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम में लगभग 1000 लोगों के बैठने की व्यवस्था कोविड-19 मानको को ध्यान में रखते हुए की जाएगी।
मौके पर भू- अर्जुन से संबंधित कार्यो की भी समीक्षा की गई, जिसमें उपायुक्त ने भू- अर्जन संबंधी अधियाचना तथा भू- हस्तांतरण संबंधी मामलों की अद्यतन स्थिति के विषय में चर्चा की तथा संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने गढ़वा बाईपास के अंतर्गत रकबा में अधिग्रहित भूमि का आधियाची विभाग एनएचएआई मेदिनीनगर पलामू द्वारा प्राप्त लगभग 8 करोड़ 41 लाख की राशि को शीघ्र भुगतान करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही गढ़वा बाईपास अंतर्गत ही वैसी भूमि जिनका भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र अंचल गढ़वा द्वारा अप्राप्त रहने की स्थिति में प्रभावित ग्रामों में कैंप के माध्यम से एलपीसी जनरेट करते हुए मामलों का निष्पादन करने की बात कही गई।
बैठक में खजूरी से विंढमगंज सेक्शन 5 योजना अंतर्गत मेराल, रमना एवं नगर उंटारी को 3A नोटिफिकेशन शीघ्र सत्यापित कर भेजने का निर्देश संबंधित अंचल अधिकारियों को दिया गया। वहीं सगमा से विलासपुर योजना अंतर्गत 80% मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध कराने हेतु पथ प्रमंडल गढ़वा को निर्देशित किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से उपायुक्त के अलावा उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पदाधिकारी रंका, अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर, सिविल सर्जन, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला भू- अर्जन पदाधिकारी, विभिन्न विभागों से आए पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता व कर्मी समेत अन्य उपस्थित थे।