रमना :
गुरुवार के सुबह एनएच 75 सड़क पर थाना मोड के समीप वाहन जांच अभियान चलाते हुए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जा रहे तीन ओवर लोड बालू लदे ट्रक को अनुमंडल पदाधिकारी आलोक कुमार ने जब्त करते हुए रमना थाना प्रभारी सुधांशु कुमार को सुपुर्द कर दिया है|
रमना में वाहन जांच अभियान चलाए जाने की सूचना फैलते ही रमना-मेराल के बीच एनएच-75 सड़क में दर्जनों अवैध बालू लदे ट्रक लावारिस हालत में खड़े हैं। जांच की सूचना मिलने के बाद संबंधित ट्रक के चालक गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर फरार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि बालू के अवैध खनन व परिवहन किए जाने की सूचना पर अनुमंडल पदाधिकारी आलोक कुमार पुलिस अभिरक्षा में बालू के परिवहन की जांच के लिए थाना मोड़ पर तैनात थे।
लेकिन जैसे ही प्रशासन की कार्रवाई के जद में तीन वाहनों की आने की सूचना दूसरे वाहन चालकों को मिली वे अपना वाहन सड़क के किनारे खड़ा कर भागने में सफल रहे। विदित हो कि कई दिनों से गढ़वा, पलामू सहित कई जिलों के बालू घाट से रोजाना सैकड़ों की तादाद में ओवर अवैध बालू लोड कर ट्रक के माध्यम से उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। इस प्रकार से बालू के अवैध परिवहन मे बालू माफिया के साथ प्रशासन व खनन विभाग एवं बालू घाट संवेदक के संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता है। बताते चले कि एक ओर जहां बड़े पैमाने पर अवैध व फर्जी चालान के माध्यम से निर्धारित मात्रा से अधिक बालू बाहर भेजा जा रहा है। वहीं स्थानीय स्तर पर चल रहे निजी निर्माण के साथ प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण कार्य बालू के अभाव में पिछड़ रहा है। स्थानीय लोगों को ऊंचे दाम पर बालू खरीद कर काम चलाना पड़ रहा है।