गढ़वा :
पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन, झारखंड के प्रांतीय अध्यक्ष विक्रांत सिंह के आह्वाहन पर झारखंड राज्य के अंतर्गत सभी विभागों में कार्यरत सभी एनपीएस कर्मियो ने आज 15 दिसम्बर को "अब बहुत हुआ इंतजार, वादा पूरा करो सरकार" स्लोगन वाले बैच लगाकर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
इसी निर्देश के आलोक में गढ़वा जिला संयोजक सुशील कुमार ने जिले के सभी विभागों में कार्यरत समस्त एनपीएस एवं ओटीएस कर्मचारियों एवं अधिकारियों को उनके कार्यालय पहुँचकर "अब बहुत हुआ इंतजार, वादा पूरा करो सरकार" स्लोगन वाले बैच को लगाया।
इस बाबत जिला संयोजक सुशील कुमार ने बताया कि विगत 5 दिसम्बर को हेहल राँची में एनएमओपीएस की प्रान्तीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई थी।
बैठक में माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के द्वारा पुरानी पेंशन बहाली के घोषणा पत्र को सरकार गठन के दो वर्षों के उपरांत भी लागू नहीं करने को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई तथा भविष्य में संघर्ष को तीव्र करते हुए आंदोलनात्मक गतिविधियों को करने का निर्णय लिया गया था। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर आज इसी कड़ी में आज 15 दिसम्बर को राज्य के समस्त कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, शिक्षकों, समाहरणालय कर्मियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने "अब बहुत हुआ इंतज़ार, वादा पूरा करो सरकार" स्लोगन वाले बैच लगाकर अपने-अपने कार्यालयों में दायित्वों का निर्वहन किया।यह दिनांक 16 दिसम्बर तक संचालित रहेगा।आज गढ़वा जिले के तमाम विभागों के समस्त NPS कर्मियों एवं अधिकारियों जैसे- पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाहरणालय कर्मी,पशुपालन विभाग, पथ निर्माण विभाग, सिचाई विभाग आदि ने बढ़-चढ़ कर इस आंदोलन के प्रथम चरण को सफलता पूर्वक सम्पादित किया।
मैं जिला संयोजक होने के नाते तमाम NPS कर्मियों एवं अधिकारियों को इस कार्यक्रम को सफलीभूत करने हेतु साधुवाद देता हूँ और आगामी होने वाले आंदोलन के दूसरे चरण में और उत्साह एवं जोश के साथ शामिल होने हेतु हार्दिक अपील भी करता हूँ।
आंदोलन के दूसरी कड़ी में आगामी 15 जनवरी से 30 जनवरी 2022 के मध्य राज्य के समस्त जिलों में "पेंशन चेतना यात्रा" निकाली जाएगी।आंदोलन के तीसरी कड़ी में आगामी 18 फ़रवरी 2022 को सन्ध्या 6 बजे सभी जिला मुख्यालय में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। आंदोलन के चौथी कड़ी में आगामी 20 फ़रवरी 2022 को "पाने पेंशन का अधिकार, चलो मुख्यमंत्री के द्वार" कार्यक्रम के तहत माननीय मुख्यमंत्री के आवास तक पदयात्रा कर धरना-प्रदर्शन किया जायेगा।
सरकार द्वारा ठोस कदम नहीं उठाये जाने की स्थिति में मार्च माह के प्रथम सप्ताह में राज्यव्यापी "आधे दिन का पेन डाउन" किया जायेगा।
आंदोलन के अगली कड़ी में मार्च 2022 के दूसरे सप्ताह में राज्यव्यापी "पूरे दिन का पेन डाउन" किया जाएगा। मार्च 22 के तीसरे सप्ताह में राज्यव्यापी दो दिवसीय सामूहिक आकस्मिक अवकाश लिया जायेगा। सरकार द्वारा पुरानी पेंशन बहाली नहीं किये जाने की स्थिति में मार्च 2022 के चौथे सप्ताह में "राँची में आमसभा कर अनिश्चितकालीन हड़ताल" पर निर्णय लिया जायेगा।
जिला संयोजक सुशील कुमार ने कहा कि किसी भी दृष्टिकोण से नई पेंशन योजना सरकारी कर्मियों एवं अधिकारियों के लिए बेहतर नहीं है क्योंकि इस योजना में सेवानिवृति के बाद सामाजिक सुरक्षा है ही नहीं।
इसलिए केंद्र एवं राज्य सरकारों को इस मुद्दे पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए पुरानी पेंशन योजना को लागू कर देना चाहिए।इन्हीं कर्मियों एवं अधिकारियों के बदौलत ही सरकार की सारी योजनाएं धरातल पर सफलीभूत होती है और इन्हीं पर अन्याय एवं शोषण।