डंडई : सरकार द्वारा संचालित मनरेगा योजना में भारी घोटाला का मामला सामने आया है, मामला प्रखण्ड के जरही पंचायत में मनरेगा कार्य में बिना काम कराये ही पैसा निकासी का मामले को लेकर शनिवार को ग्रामीण एवं मजदूरो ने काफी हंगामा किया। ग्रामीण मदन कुमार, अनिल रवि, अनिल कुमार, रामप्रताप राम, सतेंद्र राम, शिव कुमार चौबे, भरदुल राम, सुरेंद्र राम, सतेंद्र राम, उपेंद्र राम, सुदामा राम, कंचन राम, अशोक राम, कमलेश पासवान, कमलेश राम, रामवृक्ष सिंह आदि काफी संख्या में ग्रामीणों ने उपायुक्त महोदय से मामले की जाँच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जरही हाई स्कूल के फील्ड का समतलीकरण मनरेगा के तहत होना है।जिसकी प्राक्कलन राशि 2.81 लाख है।
जिसमें पदाधिकारियों के मिलीभगत से मेठ द्वारा बिना काम कराये ही पहली किस्त की राशि 27936 रुपये की निकासी कर ली गई है। जितनी राशि की निकासी हुई है, उसके अनुरूप 10 प्रतिशत भी कार्य नहीं हुआ है।
वहीं मौके पर उपस्थित पूर्व मुखिया यमुना प्रसाद ने कहा कि मैं उपायुक्त महोदय से मांग करता हूं कि मनरेगा कार्य में इस तरह से बिना काम कराये ही पैसा का निकासी कर बंदरबांट कर लेने के कार्य पर रोक लगाया जाए और दोषियों पर कार्रवाई किया जाए, ताकि क्षेत्र में बेरोजगारी की मार झेल रहे गरीब मजदूर को काम मिल सके और वह अपना बाल - बच्चों का पेट भर सके। उन्होंने आग्रह किया कि अगर अधिकारियो को पैसों का बंदरबांट करना ही है तो भोले - भाले ग्रामीण जनता को मूर्ख ना बनाकर स्वयं अपने से ही पैसा निकाल कर, बंदरबांट कर लें।
ग्रामीण के नाम पर पैसों का बंदरबांट ना करें।
इस संबंध में बीपीओ सह रोजगार सेवक अजय कुमार ठाकुर ने बताया कि मैं पिछले 15 दिनों से छूटी पर गया था। अभी दो दिन पहले ही आया हूँ, इस मामले में जाँच करने के बाद ही कुछ बता सकता हूँ।