बंशीधर नगर : जिले के पुलिस कप्तान खोत्रे श्रीकांत एस राव ने शनिवार को बिलासपुर में स्थित झारखंड - यूपी बॉर्डर का औचक निरीक्षण कर अनलॉक टू का जायजा लिया। इस दौरान एसपी ने बॉर्डर पर तैनात मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों को बिना इंट्री पास के किसी भी वाहन को बॉर्डर के अंदर नहीं घुसने देने का कड़ा निर्देश दिया। एसपी ने बॉर्डर पर तैनात मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों से वाहनों के आवागमन के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रवेश करने के लिए इंट्री पास जरूरी है। उन्होंने थाना प्रभारी पंकज कुमार तिवारी को भी बीच बीच में वाहनों से इंट्री पास की जांच करने का निर्देश दिया। एसपी ने यूपी की ओर विंढमगंज में तैनात पुलिस पदाधिकारियों से वाहनों के परिचालन के बारे मे जानकारी ली तथा आपस में समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा।
इस मौके पर एसडीपीओ अजीत कुमार,थाना प्रभारी पंकज कुमार तिवारी समेत झारखंड एवं यूपी के कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।