गढ़वा : गढ़वा में तेजी से फैल रहे कोरोना संकट के प्रति गंभीरता दिखाते हुए गढ़वा पुलिस, जिला मुख्यालय के दुकानदारों एवं राह चलते लोगों तक पहुंची। इस दौरान पुलिस ने मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की।
झारखंड में कोरोना का कहर फिर से रफ्तार पकड़ने लगा है। अब सरकार के मंत्री भी कोरोना की चपेट में आने लगे हैं। खुद झारखंड के सीएम भी होम क्वारेंटाइन हो गए हैं। यहां तक की मंत्री के कांटेक्ट में आए 91 लोगों ने कल खुद जाकर सदर अस्पताल में अपना सैंपल जांच कराया। उम्मीद है कि और सैकड़ों लोग प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से कांटेक्ट में आए होंगे।
ऐसी स्थिति में गढ़वा में फैलते कोरोना वायरस को रोकने के लिए गुरुवार की देर शाम पुलिस जिला मुख्यालय के बाजारों में उतरी।
पुलिस ने आम लोगों और दुकानदारों से निश्चित रूप से मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा नहीं करने वालों पर शुक्रवार से मुकदमा दर्ज होगा।
बता दें कि एसडीपीओ बहामन टूटी और थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत ने जिला मुख्यालय के रंका मोड़, मझिआंव मोड़, टंडवा, चिनियां मोड़ और बाजार क्षेत्र का भ्रमण किया। थाना प्रभारी ने सड़क से गुजरने वाले लोगों, दुकानदारों और ग्राहकों के बीच जाकर उन्हें मास्क लगाने की अनिवार्यता से अवगत कराया। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने का तरीका भी बताया।
एसडीपीओ माइक से, दो पहिया वाहन, ऑटो और चार पहिया वाहन में सवारी करने वाले व्यक्तियों की संख्या की जानकारी दे रहे थे।
इसके साथ कोरोना से सावधानी के लिए अन्य कई जानकारियां दी जा रही थी।
एसडीपीओ बहामन टूटी ने कहा कि चेतावनी दी जा रही है। बिना मास्क के पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो सकता है। सोशल डिस्टेंसिंग में लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी। बाइक, ऑटो, कार में निर्देशित संख्या से अधिक व्यक्ति पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।