केतार : केतार प्रखंड की धरती ने विकास की राह तलाशने के लिए अपने इलाके से विधायक मंत्री सब कुछ बनाए, मगर विकास की तलाश में अभी भी यह प्रखंड भटक रहा है। विश्वास नहीं तो खुद आकर देख लीजिए प्रखंड मुख्यालय के बाजार क्षेत्र की सड़कें शुरुआती बरसात में है गड्ढे एवं तालाब में तब्दील हो चुकी हैं। हालत यह है की सड़क में 2 से 3 फीट तक पानी जमा रहता है। जिससे सिर्फ इस राह से गुजरने वाले राहगीर ही परेशान नहीं होते बाजार क्षेत्र के दुकानदार भी और वह इस बात का इंतजार करने को विवश हैं कि बरसात का मौसम समाप्त हो और उन्हें जलजमाव की समस्या से निजात मिले। बरसात के इस मौसम में जलजमाव से होने वाली बीमारी के प्रकोप से सड़क के दोनों किनारे के लोग सहमे - सहमे से हैं क्योंकि उन्हें डर है कि जलजमाव से कहीं महामारी न फैल जाए।