रमना : पारा शिक्षक संघ रमना प्रखंड इकाई की ओर से रविवार को खरौंधी प्रखंड अंतर्गत पिपरी नव प्राथमिक विद्यालय के दिवंगत दिव्यांग पारा शिक्षक कामेश्वर मेहता के परिजनों को पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता उनके घर जाकर प्रदान की गई।
विदित हो कि कामेश्वर जी एक कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक थे। वह सामाजिक और सांगठनिक कार्यो में भी काफी सक्रिय रहा करते थे। लम्बी बीमारी के पश्चात पिछले 24 मार्च को उनका निधन हो गया था। कामेश्वर जी के इलाज में काफी पैसा खर्च हो जाने के कारण परिजनों को घर चलाना मुश्किल हो गया था।परिणामस्वरूप कामेश्वर जी की पत्नी अपने व बाल -बच्चो के भरण-पोषण के लिए मजदूरी करने लगी थी। इस आशय की सूचना समाचार-पत्रों में प्रकाशित होने के बाद रमना प्रखंड इकाई ने दिवंगत पारा शिक्षक के परिजनों को मदद करने का निर्णय लिया था।
इस बावत कामेश्वर जी के घर जाकर उनकी पत्नी को आर्थिक सहायता प्रदान की गयी। साथ ही दिवंगत शिक्षक की पत्नी को आस-पास के स्कूल में रसोइया के रूप में नियुक्त कराने एवं विधवा पेंशन की स्वीकृति दिलाने हेतु सार्थक पहल करने का आग्रह स्थानीय पारा शिक्षक नेताओं से किया गया, ताकि पीड़ित परिवार का भरण-पोषण ठीक ढंग से हो सके।
इस कार्य में प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष प्रताप यादव, सचिव राहुल टनडवाल, कोषाध्यक्ष उपेंद्र गुप्ता, राहुल गौतम, नीरज पाठक, उपेंद्र यादव, रवि कुमार बुलका एवं संजय शंकर मेहता का योगदान सराहनीय है।