गढ़वा :
झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय महासचिव रवींद्र सिंह के निर्देशानुसार आज झारखण्ड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई गढ़वा के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में जिला शिक्षा पदाधिकारी गढ़वा कार्यालय के प्रधान सहायक ओमप्रकाश सिंह को राजकीय/राजकीयकृत/उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालयों में पीजीटी शिक्षकों को प्रभारी प्रधानाध्यापक बनाये जाने के विरोध में शिक्षा सचिव ,स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग झारखंड सरकार राँची के नाम से जिले के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाध्यापकों एवं संघीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में ज्ञापन सौंपा गया।
इस सम्बंध में जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि सरकार के सचिव, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग झारखंड सरकार ने अपने कार्यालय के ज्ञापक 415,दिनांक 25/02/2021 के द्वारा झारखंड राज्य के सभी जिले के राजकीय/राजकीयकृत/उत्क्रमित+2 उच्च विद्यालयों के संदर्भ में प्रभारी प्रधानाध्यापक बनाये जाने हेतु एक अधिसूचना जारी किया गया था।
इस अधिसूचना के विरोध में सभी माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने माननीय उच्च न्यायालय राँची में याचिका दायर करते हुए इस अधिसूचना को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का याचना किया गया था।इस याचिका पर उच्च न्यायालय ने शिक्षा विभाग को छह सप्ताह के अंदर जबाब देने हेतु नोटिस भी दिया गया है।परन्तु, कुछ जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों द्वारा इस आदेश की धज्जियाँ उड़ाते हुए अपने जिले के सभी माध्यमिक+2उच्च विद्यालयों में पीजीटी को प्रभारी प्रधानाध्यापक बनाया जा रहा है जो कि न्यायालय के आदेश की पूर्णतः अवहेलना है।
हमारे गढ़वा जिले में भी जितने भी अलग-अलग कोटि के उच्च विद्यालय हैं,उन विद्यालयों में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद की निर्धारित योग्यता स्नातकोत्तर प्रशिक्षित है, वर्तमान अवधि में वरीय शिक्षक ही कार्यरत हैं।
परन्तु, दो से तीन वर्षों से कार्यरत अनुभवहीन पीजीटी शिक्षकों को अधिकांश विद्यालयों में प्रभारी प्रधानाध्यापक जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा पूर्व में बना दिया गया हैं।अनुभवहीन होने के कारण कार्यालयी कार्यो में विभाग को भी सदैव परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षा सचिव एवं माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के द्वारा करबद्ध अनुरोध किया जाता है कि जबतक माननीय उच्च न्यायालय से उक्त सम्बन्ध में स्पष्ट फैसला नहीं हो जाता है, तबतक जिले के समस्त माध्यमिक विद्यालयों में उच्च विद्यालय के वरीय शिक्षकों को ही प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर यथावत बने रहने दिया जाए।
इस अवसर पर राजकीयकृत बालिका उच्च विद्यालय गढ़वा के प्रभारी प्रधानाध्यापक-सह- जिला संयोजक रेयाज अहमद,उत्क्रमित उच्च विद्यालय जरही के प्रभारी प्रधानाध्यापक सूर्यजीत पाण्डे, उत्क्रमित उच्च विद्यालय गरबाँध नगर उंटारी के प्रभारी प्रधानाध्यापक देवेन्द्र राम एवं संघ के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण कुमार यादव उपस्थित थे।