मेराल : 24 घंटे के अंदर मेराल धान क्रय केंद्र पर धान की खरीदारी शुरू नहीं होगी तो संबंधित पदाधिकारी पर होगी कानूनी कार्रवाई। उक्त बातें पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने गुरुवार को मेराल धान क्रय केंद्र पर किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा।
गौरतलब हो कि मंत्री श्री ठाकुर गुरुवार को प्रखंड के लाखेया, बाना एवं कुम्भी गांव में विधायक मद की योजनाओं का शिलान्यास करने पहुंचे थे, इसी दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने मंत्री से मेराल धान क्रय केंद्र पर धान नहीं खरीदे जाने की शिकायत की। शिकायत सुनने के बाद वे सीधे मेराल धान क्रय केंद्र पहुंच मामले की छानबीन की।
किसान यासीन अंसारी, रामसेवक प्रसाद, विनय पांडे, सुरेंद्र गोस्वामी, हीरालाल यादव आदि ने श्री ठाकुर से कहा कि करीब 15 दिन पहले ही धान खरीद के लिए सूचना दी गई थी उसके बाद हम लोग अपना अपना धान क्रय केंद्र पर लाए हुए हैं।
लेकिन 1 सप्ताह बीत जाने के बाद भी धान क्रय पदाधिकारी की लापरवाही के कारण हम लोगों का धान नहीं खरीदा जा सका। खुले आसमान के नीचे धान फेंका हुआ है जिसके कारण जहां धान की क्षति हो रही है वही हम लोग अपना घर बार छोड़कर खुले आसमान के नीचे रखवारी करने को मजबूर है। किसानों की दुखड़ा सुनने के बाद मंत्री बिफर पड़े तथा धान क्रय केंद्र के प्रभारी की जमकर क्लास ली।
पूछे जाने पर मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि एफसीआई की उदासीनता सामने आई है। विभाग द्वारा बैग नहीं होने का बहाना बनाया गया है । उन्होंने बताया कि धान की खरीदी को लेकर मैंने 2 दिन पूर्व उपायुक्त को निर्देश दिया है कि यथाशीघ्र सभी केंद्रों पर किसानों का धान क्रय सुनिश्चित करें।
उन्होंने आश्वस्त किया है कि एक-दो दिन के अंदर सभी केंद्रों पर धान क्रय प्रारंभ करा दिया जाएगा। 7 मार्च से ही गढ़वा धान क्रय केंद्र पर खरीदारी शुरू हो चुकी है अन्य जगहों पर अगर 24 घंटे के अंदर धान क्रय शुरू नहीं हुआ तो एफसीआई के वरीय पदाधिकारी से शिकायत कर दोषी कर्मचारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पूर्व मंत्री द्वारा प्रखंड के बाना कुंभी में विधायक मद के योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
इस मौके पर बीडीओ गौतम कुमार अंचलाधिकारी, अंगार नाथ स्वर्णकार, जेएमएम के विधायक प्रतिनिधि कंचन साहू महिला जिला अध्यक्ष अंजली गुप्ता, प्रखंड अध्यक्ष दशरथ प्रसाद, ज्ञान रंजन मिश्र, अतहर अली अंसारी, विनोद प्रसाद, राजेश बैठा, प्रभारी एम ओ सतीश कुमार सिंह, सुरेंद्र गोस्वामी, दिनेश तिवारी आदि उपस्थित थे।