बंशीधर नगर : झारखंड में कोरोना का तेजी से बढ़ते संक्रमण को देख गढ़वा जिला प्रशासन पूरी तरह से सख्ती बरत रहा है। जिले के उपायुक्त राजेश कुमार पाठक के निर्देश पर दूसरे दिन भी झारखंड- उत्तर प्रदेश सीमा पर बिलासपुर में दूसरे राज्यों से प्रवेश करने वाले लोगों का कोरोना जांच किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित कोरोना जांच शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा यूपी के रास्ते अन्य राज्यों से झारखंड आने वाले लोगों की कोरोना जांच किया जा रहा है।
समाचार लिखे जाने तक दूसरे राज्यों से झारखंड में प्रवेश करने वाले 135 लोगो का कोविड जांच किया गया था। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दूसरे राज्यों से झारखंड में प्रवेश करने वाले 44 लोगों का आरटी पीसीआर जांच सैंपल लिया गया वही 96 लोगों का एंटी जैन कीट के माध्यम से जांच सैंपल लिया गया।
सीमावर्ती बिलासपुर में आयोजित कोरोना जांच शिविर के लिये दंडाधिकारी के साथ साथ पुलिस बल की तैनाती किया गया है। कोरोना जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाये जाने वाले लोगों को तत्काल जिला में बनाये गये कोविड सेंटर में रखा जा रहा है। शिविर के दूसरे दिन अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ सुचित्रा कुमारी ने शिविर का जायजा लिया तथा कर्मियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
इस दौरान अनुमंडल अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ सुचित्रा कुमारी ने बताया कि बॉर्डर पर कोरोना जांच लगातार जारी रहेगा। यूपी के रास्ते झारखंड आने वाले लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि बॉर्डर के साथ ही साथ अनुमंडल अस्पताल में भी कोरोना जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोरोना जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाये जाने वाले लोगों को तत्काल जिला में बनाये गये कोविड सेंटर में रखा जायेगा।