गढ़वा : पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने कहा कि एनएच-75 सड़क में कुडू वाया मेदिनीनगर होते हुए उत्तर प्रदेश के सीमा विंढ़मगंज तक लगभग 205 किलोमीटर सड़क की सुदृढ़ीकरण के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एचएनएआई) ने 46.99 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान किया है।
उन्होंने बताया कि एनएच 75 कुडू वाया मेदिनीनगर होते हुए विंढ़मगंज तक फोरलेन में विस्तार का काम भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से किया जाना है। इस राजमार्ग को पांच भागों में बांटकर डीपीआर तैयार किया जा रहा है। इन पांच भागों में चौथा भाग (रेहला-गढ़वा फोरलेन बाईपास) का कार्य मेसर्स शिवालया कंस्ट्रक्शन, नई दिल्ली को कार्य अवार्ड किया जा चुका है। इस भाग में फोरलेन बनाने के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य गढ़वा और पलामू भू-अर्जन कार्यालय द्वारा किया जा रहा है।
शेष चार भागों में डीपीआर एवं भू-अर्जन की प्रक्रिया चल रही है। इन चार भागों में उक्त राजमार्ग की स्थिति जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह पर गड्ढ़े बने हुए हैं। जिससे आमलोगों को आने-जाने में काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने कुड़ु से विंढ़मगंज तक उक्त राजमार्ग का सुदृढ़ीकरण करने की घोषणा 14 फरवरी 2021 को किया गया था। लेकिन अभी तक इसपर कुछ भी अमल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि उक्त सड़क की स्थिति भारी वाहनों के लगातार आवागमन से और भयावह होती जा रही थी। आम जनता को आवागमन में हो रही कठिनाईयों को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से ही इस राजमार्ग के सुदृढ़ीकरण कराने का अनुरोध मैंने किया गया था।
जिसपर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सड़क का सुदृढ़ीकरण के लिए 46.99 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए क्षेत्रीय कार्यालय रांची ने अगले तीन-चार दिनों में निविदा प्रकाशित की जाएगी। संवेदक के चयनोपरांत इस राजमार्ग के सुदृढ़ीकरण का कार्य आगामी मानसून से पहले पूर्ण कर लिया जाएगा।