सगमा धुरकी थाना क्षेत्र के झुनका निवासी संजय यादव के 3 पशुओं की मौत बिजली के करंट लगने से हो गई, जबकि पशु को बचाने के क्रम मे पशुपालक संजय यादव भी बिजली करंट के चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों द्वारा घायल का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। जानकारी अनुसार झुनका निवासी संजय यादव ने शनिवार की सुबह अपने घर के पास दो बैल व एक गाय बांधे थे, इसी दौरान बिजली करंट की चपेट में आ जाने से तीन पशुओं की मौत हो गई। इधर घटना की सूचना पा कर मौके पर पहुंच मुखिया बिनोद राम ने भुक्तभोगी को सरकार द्वारा मिलने वाली सुविधाएं दिलाने का आश्वासन दिया।