बंशीधर नगर : नगर पंचायत के वार्ड संख्या 8 में सब्जी बाजार स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालय का गंदा पानी बाजार में बह रहा है। सार्वजनिक सुलभ शौचालय का टंकी भर जाने के कारण टंकी से मल-मूत्र युक्त गंदा पानी टंकी से बाहर निकलकर बह रहा है। मल-मूत्र युक्त बहते गंदे पानी से उठ रहे दुर्गंध के कारण अगल-बगल के दुकानदारों को दुकान में बैठना मुश्किल हो गया है। सब्जी बाजार में सब्जी खरीदने जाने वाले ग्राहक भी नाक बंद कर उधर से गुजरते हैं।
विधायक प्रतिनिधि ओमप्रकाश गुप्ता, दुकानदार भोलू कुमार, अशरफ, दीपक सोनी, आशीष कुमार आदि ने बताया कि शौचालय की टंकी से ओवरफ्लो कर मल-मूत्र युक्त गंदा पानी बहते एक माह से अधिक हो गया। हम लोगों ने शौचालय के केयरटेकर चंदन कुमार झा से कई बार टंकी साफ कराने के लिए कहा।
लेकिन भरे हुए टंकी की सफाई नहीं कराया जा रहा है। इससे महामारी फैलने की आशंका प्रबल हो गई है। ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि 10 दिन पूर्व मैंने सुलभ इंटरनेशनल रांची के अकाउंटेंट शैलेंद्र सिंह से टंकी की सफाई कराने का अनुरोध किया था। शैलेंद्र सिंह ने 2 दिनों के अंदर टंकी की सफाई कराने की बात कही थी। पर 10 दिन बीत गए सफाई नहीं हो सका है।
इस संबंध में चंदन कुमार झा, केयरटेकर, सार्वजनिक सुलभ शौचालय ने बताया कि टंकी भर कर शौचालय का गंदा पानी ओवरफ्लो कर रहा है। 10 दिन पूर्व इसकी सूचना सुलभ इंटरनेशनल कार्यालय रांची को देकर सफाई कराने की मांग किया था। कार्यालय द्वारा कहा गया था कि अभी मार्च क्लोजिंग चल रहा है। इसके बाद सफाई करा दिया जाएगा।
जबकि नीरज कुमार, वार्ड पार्षद, वार्ड संख्या 8 ने बताया कि सार्वजनिक सुलभ शौचालय के टंकी से गंदा पानी बाजार में बहने की सूचना नगर पंचायत कार्यालय को देकर सफाई कराने की मांग सप्ताह भर पूर्व ही किया हूं। पर अभी तक साफ नहीं किया जा सका है।
वहीं अमित कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर ने कहा कि शौचालय के टंकी का गंदा पानी बाजार में बह रहा है। इसकी जानकारी नहीं थी। जल्द ही टंकी की सफाई करा लिया जाएगा।