गढ़वा : आज उपायुक्त राजेश कुमार पाठक की अध्यक्षता में कोविड-19 विशेष टीकाकरण अभियान को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। समाहरणालय के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में उपायुक्त ने बताया कि सचिव, स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार दिनांक 1 अप्रैल 2021 से विशेष अभियान चलाकर 45 वर्ष की उम्र से अधिक व्यक्तियों का टीकाकरण किया जाना है। उन्होंने बताया कि इसके तहत जिले में दिनांक 4-5 अप्रैल, 7- 8 अप्रैल, 10-11 अप्रैल तथा 13-14 अप्रैल को विशेष ड्राइव चलाकर टीकाकरण किया जाएगा। इस संदर्भ में सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अनुमंडल पदाधिकारियों से माइक्रो प्लानिंग की भी मांग की गई है ताकि पूरी तैयारी के साथ हम इस अभियान को सफल बना सके।
उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल 2021 को "वर्ल्ड हेल्थ डे" के अवसर पर जिले में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें कम से कम 25000 लाभार्थियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा संक्रमण पर काबू पाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य कर्मियों का प्रत्येक 21 दिन के अंतराल पर कोविड-19 टेस्ट किया जाएगा। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी रंका को छत्तीसगढ़ सीमा से आने वाले सभी व्यक्तियों की कोविड-19 जांच रंका में ही कराने का निर्देश दिया गया है।
बताते चलें कि कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन सख्ती से सरकार के द्वारा जारी किए गए गाइडलाइन का अनुपालन करवाने जुट गया है। इसी कड़ी में जिला परिवहन पदाधिकारी गढ़वा को गाड़ियों के परिचालन के लिए निर्धारित मापदंडों का अनुपालन सुनिश्चित करवाने हेतु निर्देशित किया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि जांच अभियान में यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी यात्री व वाहन चालक मास्क तथा सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करें साथ ही प्रत्येक ट्रिप के बाद वाहन को सेनिटाइज किया जाए, उक्त निर्देशों का पालन न करने वालों के विरुद्ध डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर उपायुक्त ने अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों, ऑटो तथा बस चालाक, खाद्य सामग्रियां बेचने वाले वेंडर, फुटपाथ पर खाद्य सामग्रियां बेचने वाले व्यक्तियों का युद्ध स्तर पर कोरोना जांच करवाने का निर्देश दिया साथ ही उन्होंने जिले वासियों से करोना जांच करवाने तथा सरकार द्वारा जारी किए गए कोविड-19 के गाइडलाइन का अनुपालन करने की अपील की।
उक्त प्रेसवार्ता में उपायुक्त राजेश कुमार पाठक के अलावा, स्वास्थ्य विभाग से डॉ जेपी सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी साकेत कुमार पांडेय, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा चंद्रजीत सिंह, डीपीएम जेएसएलपीएस पंकज कुमार डीपीएम स्वास्थ्य विभाग प्रवीण कुमार इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया प्रतिनिधि समेत अन्य उपस्थित थे।