बंशीधर नगर : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की स्वायत्तशासी संस्था नेहरू युवा केंद्र गढ़वा के तत्वावधान में प्रखंड के गरबान्ध गांव में जल संरक्षण व कोविड-19 वैक्सीनेशन हेतु जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर केंद्र के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अभिषेक कुमार चौबे ने ग्रामीणों को जल का संरक्षण करने, प्राकृतिक जल स्रोतों का जल स्वच्छ रखने, वर्षा के पानी को एकत्र कर इसका कृषि के लिए उपयोग करने के बारे जागरूक किया। उन्होंने बताया कि मनुष्य के जीवन के लिए जल का संरक्षण बहुत जरूरी है। ऐसे में हम सभी का दायित्व बनता है कि हम सब जल का अधिक से अधिक संरक्षण करें। उन्होंने कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों को कोविड का टीका लेने हेतु अपील किया।
उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है, हमें वर्तमान समय में और भी अधिक सतर्क रहने की जरूरत है जब भी घर से बाहर निकले मास्क का प्रयोग अवश्य करें और सामाजिक दूरी बनाए रखें। स्वयंसेवक के द्वारा वहां उपस्थित लोगों को मास्क उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर अंश युवा मंडल गरबान्ध के अध्यक्ष पंकज कुमार, मनीष कुमार मणिलाल कुमार, विवेक कुमार, विकेश कुमार,प्रियंका कुमारी, विभा कुमारी, सुनीता कुमारी, रानी कुमारी युवा मंडल के सदस्य व ग्रामीण उपस्थित थे।