भवनाथपुर : भवनाथपुर एचपी पेट्रोल पंप के संवेदक शिवपूजन यादव ने खरौंधी थाना को आवेदन देकर प्रखंड के निकटवर्ती उत्तर प्रदेश के कोन के पेट्रोल यह पंप से काला बाजारी करने के उद्देश्य से डीजल एवं पेट्रोल लाकर झारखंड में हो रहे अवैध बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। थाना में दिये आवेदन में उल्लेख किया है कि भवनाथपुर मकरी में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन मेसर्स शिव पूजन फ्यूल्स के नाम से एक पेट्रोल पंप है। जिसकी बिक्री विगत कई महीनों से दिनों दिन गिरती जा रही है। पेट्रोल पंप पर लगातार बिक्री गिरने का कारण पता करने पर मालूम हुआ की निकटवर्ती राज्य उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला के कोन पेट्रोल पंप से प्रतिदिन लगभग 8 से 10 हजार लीटर डीजल तथा 5 से 7 हजार लीटर के करीब पेट्रोल खरीद कर अवैध तरीके से झारखंड राज्य के खरौंधी, केतार, तथा भवनाथपुर के बाजार सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लाकर हमारे पेट्रोल पंप से एक से दो रुपये कम रेट में बिना प्रशासनिक अनुमति के अवैध रूप से बेचा जा रहा है।
जिससे मुझे तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के झारखंड इकाई को काफी नुकसान हो रहा है। जिसे राज्य सरकार हित एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम के झारखंड राज्य के हित में डीजल तथा पेट्रोल की अवैध बिक्री को रोकना नितांत आवश्यक है।