बंशीधर नगर : बाबा बंशीधर मंदिर में समाधान ग्रुप द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को चलाये जाने वाले भंडारा का पुनः शुभारंभ हो गया है। कोरोना के कारण इस भंडारा को बंद कर दिया गया था। पूरे एक वर्ष बाद पुनः भंडारा का शुभारंभ किया गया। भंडारा में काफी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
समाधान ग्रुप के सदस्यों द्वारा भंडारा में शामिल हुए वाराणसी के कथा वाचक भैया जी पाठक को श्री बंशीधर जी की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। भंडारा में लगनेवाली प्रसाद सामग्री अधिवक्ता सह समाधान सदस्य सुधा पांडेय द्वारा दिया गया। भंडारा का शुभारंभ वाराणसी के राम कथा वाचक भैया जी पाठक, दुद्धी बार एशोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडेय व अधिवक्ता सुधा पांडेय द्वारा पूजा अर्चना कर एवं प्रसाद वितरण कर किया गया।
कथा वाचक भैया जी पाठक ने कहा कि भंडारा करना पुनीत कार्य है मुझे परम सौभाग्य प्राप्त हुआ कि श्री मुरलीधर का दर्शन हुए। अधिवक्ता कुलभूषण पांडेय ने कहा कि भंडारा में शामिल होना ही सौभाग्यशाली होना है।
इस अवसर पर मंटू पाण्डेय, प्रफुल कुमार पांडेय, लवली आनंद, चंदन कुमार पांडेय, जितेंद्र कुमार, हजारी प्रसाद सहित समाधान सदस्य व श्रद्धालु उपस्थित थे।