बंशीधर नगर : बंशीधर नगर पुलिस ने अवैध तरीके से बरडीहा गांव में मिट्टी व पत्थर का उत्खनन करने के आरोपी 3 चालकों को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया। इस मामले में जिला खनन पदाधिकारी ने थाने में एक जेसीबी, दो ट्रैक्टर, तीन चालक सह मालिक पूर्णानगर गांव के एहसान खान, बरडीहा के इसहाक अंसारी, नौशाद अंसारी व जमीन मालिक ललन कुमार सिन्हा के विरुद्ध अवैध तरीके से मिट्टी व पत्थर खनन करने का मामला दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार एसडीओ कमलेश्वर नारायण ने शनिवार की दोपहर बरडीहा गांव में अवैध रूप से मिट्टी एवं पत्थर का खनन कर रहे एक जेसीबी एवं दो ट्रैक्टर को जब्त कर श्रीबंशीधर नगर थाने को सौंपा था।
साथ ही मामले की जांच कर अग्रेतर कार्रवाई के लिए अंचल पदाधिकारी व थाना प्रभारी को निर्देश दिया था। अंचल अधिकारी अरुणिमा इक्का व थाना प्रभारी पंकज कुमार तिवारी बरडीहा जाकर मामले की जांच किए जांच उपरांत मिट्टी व पत्थर का खनन अवैध पाया गया तत्पश्चात अंचल अधिकारी ने जिला खनन पदाधिकारी को प्रतिवेदन देकर मामला दर्ज कराने का अनुरोध किया अंचल अधिकारी के पत्र के आलोक में जिला खनन पदाधिकारी ने मामला दर्ज कराया। जांच के दौरान मिट्टी एवं पत्थर का उत्खनन कर रहे जेसीबी एवं ट्रैक्टर चालक से मिट्टी कटाई एवं पत्थर तोड़ाई से संबंधित कागजात मांगा। कितु चालक के द्वारा कोई कागजात नहीं दिखाया गया।