भवनाथपुर : सेल आरएमडी भवनाथपुर तुलसी दामर 13 माह से बंद खदान को खोलने के लिए आज सदन में दूसरी बार विधायक भानु प्रताप शाही ने तारांकित प्रश्न किया, जिसमें सरकार से खदान को यथाशीघ्र खोलने का जवाब दिया है। जबकि इसके ठीक 11 माह पूर्व विधायक ने पिछले चल रहे सदन में खदान पर मांग उठाया था।
बताते चलें कि बीते 16 फरवरी से सेल का तुलसी दामर खदान का ईसी प्रमाण पत्र समाप्त होने व 31 मार्च को लीज अवधि का सरकार से विस्तार नहीं मिलने के कारण पिछले 13 माह से खदान बंद है, जिसके कारण खदान में कार्यरत हज़ारों ठेका श्रमिक व उन पर आश्रित उनके परिवार आज भुखमरी के कगार पर हैं। जिसमें कुछ मजदूर पलायन भी कर चुके हैं।
खदान बन्द होने से प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से भवनाथपुर व श्री बंशीधर नगर के व्यवसाय पर भी इसका असर पड़ा है।
परंतु एक वर्ष तो कोरोना काल के कारण लॉक डाउन में बीत गए। हालांकि इस बीच यूनियन प्रतिनिधियों के द्वारा मजदूरों के साथ सेल के प्रसाशनिक भवन पर कई बार धरना प्रदर्शन व आमरण अनशन भी किया गया है।खदान बंद होने से क्षेत्र में बेरोजगारी व मायूसी छाई हुई है। जबकि खदान बंद होने के बावजूद सेल का अब तक अपने कर्मचारियों के भुगतान, सीआईएसएफ के जवानों पर बिजली बिल सहित अन्य मदों में प्रति माह करोड़ों रु खर्च, बैठे बैठाए नुकसान हो रहा है।