भवनाथपुर : मास्क जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय भवनाथपुर के प्रधानाध्यापक पाण्डेय सूर्यकान्त शर्मा ने 200 मास्क का वितरण किया। भवनाथपुर थाना मोड़ पर मास्क जागरूकता अभियान के मुख्य अतिथि थाना प्रभारी सतीश कुमार ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। थाना प्रभारी ने बिना मास्क सड़क पर चल रहे लोगों को मास्क बांट कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि कोरोना का संक्रमण एक बार फिर तेजी से फैल रहा है। इसलिए सुरक्षा ही बचाव है। अतः सामाजिक दूरी का पालन करते हुए जब भी घर से बाहर निकले तो मास्क अवश्य लगाएं। मौके पर उपस्थित बीडीसी चंदन ठाकुर ने कहा कि यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से फैलता है अतः मास्क अवश्य लगाएं।
प्रधानाध्यापक पाण्डेय सूर्यकान्त शर्मा ने कहा कि हम सभी जब तक जागरूक नहीं होंगे तब तक हम इस वैश्विक महामारी से नहीं लड़ पाएंगे। अतः जरूरी है कि सभी को मास्क पहनने के लिए जागरूक किया जाए। बाल संसद के बच्चे हाथ में जागरूकता नारा की तख्ती - दो गज दूरी, मास्क जरूरी करोना से डरे नहीं, सावधान रहें। आदि नारों के साथ मास्क वितरण में शामिल हुए।
कार्यक्रम में आतिश, कंचन, कृति, रंजू, हंसिका, पीहू, आयुष, रितेश, शिवम, विकास, अंकित सहित छात्र उपस्थित थे।