बंशीधर नगर : नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 8 करोड़ लागत की विकास योजनाओं की स्वीकृति दी गई है। जिसमें सड़क, पुल पुलिया, नाली, पार्क, कचरा डंपिंग यार्ड आदि का निर्माण कराया जाना है।
उक्त जानकारी देते हुये नगर पंचायत अध्यक्ष विजया लक्ष्मी देवी ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के चहुमुखी विकास के लिए हमेशा तत्पर है।उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में नागरिक सुविधा व शहरी परिवहन मद से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा, जिससे नगर पंचायत क्षेत्र के नागरिकों को काफी सहूलियत व सुविधा मिलेगी। जिस उम्मीद से यहाँ के लोगो ने मुझे चुनाव जिताया है, मैं उनके उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास कर रही हूं।उन्होंने कहा कि मेरे इस प्रयास को देखकर कुछ लोगों के पेट में दर्द होने लग रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग विकास योजनाओं को बेवजह जांच के नाम पर कार्य को बाधित करना चाह रहे हैं और बेवजह परेशान और घृणित कार्य कर रहे हैं, वैसे लोगों को समय आने पर सब पता चल जायेगा। दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा और सच्चाई उजागर होगी। उन्होंने कहा कि जब मैं नगर पंचायत अध्यक्ष पद की शपथ ली थी उस समय और आज भी श्री बंशीधर नगर पंचायत के प्रति जवाबदेही और कार्य करने का जज्बा किसी भी कीमत पर कम नहीं होगी तथा विकास की गति को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोडूंगी। उन्होंने कहा कि 2021 के अंत तक श्री बंशीधर नगर पंचायत क्षेत्र में वे सारी सुविधायें बहाल होगी, जिसकी कमी है। जैसे बस स्टैंड, टाउन हॉल, मार्केट कम्प्लेक्स। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण कर भूमि पर कब्जा कर रखें लोगों पर मुंसिपल एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित किया जायेगा।