भवनाथपुर : दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में रविवार को तीन लोग घायल हो गए।
पहली घटना खरौंधी से भवनाथपुर बाजार आ रही अनियंत्रित टेंपू से झगराखांड़ गांव के समीप गिरने से खरौंधी निवासी प्रमोद पासवान तथा अनुज कुमार घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए भवनाथपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां पर तैनात आयुष डॉक्टर नितेश भारती ने प्रमोद पासवान को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अनुज का इलाज स्थानीय स्तर पर ही किया जा रहा है।
वहीं दूसरी घटना खरौंधी थाना क्षेत्र के अरंगी गांव में घटित हुआ जिसमें खड़ी बाइक से गिरकर गांधी सुवन विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में उसे इलाज के लिए भवनाथपुर अस्पताल लाया गया जहां पर चिकित्सक ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
चिकित्सक ने बताया कि प्रमोद पासवान को पैर टूट गया है तथा शरीर के कई हिस्से में गंभीर चोटें आयी है, वहीं गांधी सुवन विश्वकर्मा को पेशाब और पैखाना के रास्ता में गंभीर चोटें आयी हुई है।