गढ़वा : भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के गढ़वा जिला अध्यक्ष रामलाला दुबे ने मझिआंव प्रखंड स्थित धान क्रय केंद्र के मैनेजर के विरुद्ध शिकायत मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिलकर भ्रष्ट मैनेजर के विरुद्ध तत्काल एफ आई आर दर्ज करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि उक्त मैनेजर किसानों को चकमा देकर चोरों की तरह रात में बिचौलियों के धान की खरीदारी कर रहा था। यह एक आपराधिक मामला है। जिसके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त को जेल जाना चाहिए। उल्टे प्रशासन के द्वारा उसका तबादला कर एक तरह से उसके कुकृत्य पर इनाम दिया जा रहा है। कहा कि गढ़वा जिला के तमाम धान क्रय केंद्रों पर भ्रष्टाचार व्याप्त है।
ऐसे भ्रष्ट मैनेजर पर कानूनी कार्रवाई होने से सबको सकारात्मक संदेश जाता और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जा सकती थी। हालात तो यह है कि तमाम धान क्रय केंद्रों पर किसानों से बोड़ा, नगद पैसा और 3 किलो अधिक धान लिया जा रहा है। यहां तक कि उनसे मजदूरी भी वसूल की जा रही है। भाजपा किसान मोर्चा के गढ़वा जिला अध्यक्ष के द्वारा शिकायत किए जाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मझिआंव अमरेन डांग ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि मैंने सारी वस्तुस्थिति से कमिश्नर तक को अवगत करा दिया है। अभी मार्च क्लोजिंग के चलते व्यस्तता बढ़ गई है। इसके बाद उच्चाधिकारियों के आदेश आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जिलाध्यक्ष के साथ बीडीओ से मिलने वालों में वीरेंद्र नाथ दुबे, भगवान दास तिवारी, सुरेश पांडेय, उमा यादव, सरिता सिंह और किसान मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष तथा सहकारी समिति अध्यक्ष उपस्थित थे।