बंशीधर नगर : धुरकी पुलिस ने बालू उठाव को लेकर हुई वर्चस्व की लड़ाई और गोली चालन की घटना का मुख्य अभियुक्त पंकज पासवान को धुरकी थाना पुलिस ने पिस्टल के साथ मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार को एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ प्रमोद कुमार केशरी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि गत 6 मार्च को धुरकी थाना अंतर्गत कदवा गांव में घोड़पाथर टोला स्थित गोईठा नदी में अवैध बालू खनन और वर्चस्व को लेकर गोलीबारी हुई थी। गोलीबारी की घटना में रक्सी गांव निवासी संतोष जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसके बाद संतोष जायसवाल के लिखित आवेदन पर पंकज पासवान सहित अन्य चार लोगों पर धुरकी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया गया था।
उन्होंने बताया कि पंकज पासवान पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था जिसकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई थी।
गठित टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार, सहायक अवर निरीक्षक कृष्ण रजवार व पुलिस अवर निरीक्षक आलोक कुमार के द्वारा छापामारी अभियान चलाकर कदवा गांव से गोलीकांड के नामजद आरोपी पंकज पासवान को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार पंकज पासवान की तलाशी के दौरान उसके पास से नाईन एमएम का एक पिस्टल बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार पंकज पासवान को न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया गया है।
एसडीपीओ ने कहा कि बंशीधर नगर अनुमंडल क्षेत्र में किसी तरह का अपराध एवं अवैध कार्य नहीं होने दिया जायेगा।
उन्होंने कहा कि अपराध एवं अवैध कार्य करने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
प्रेसवार्ता में पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार एवं धुरकी थाने के पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद थे।