गढ़वा : एनसीसी के 44 वें बटालियन के द्वारा गढ़वा जिले के एनसीसी कैडेट को पांच दिवसीय विभिन्न तरह का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 15 मार्च से शुरू हुआ है जो 19 मार्च तक चलेगा। आज चेतना स्थित सूरत पांडे डिग्री महाविद्यालय के बगल में एनसीसी 44 वें बटालियन के सूबेदार शिवचरण बड़ाईक के निर्देशन में गढ़वा के सद्गुरु जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय के 35 कैडेट को, जबकि सूरत पांडेय डिग्री महाविद्यालय के 10 तथा गोपीनाथ सिंह महिला महाविद्यालय के 23 बालिका कैडेट्स को राइफल फायरिंग का प्रशिक्षण दिया गया।
इस दौरान सूबेदार शिवचरण बड़ाईक ने कहा कि गढ़वा जिले के विभिन्न कॉलेज के छात्र छात्राओं जो एनसीसी कैडेट हैं उन्हें आज राइफल शूटिंग का प्रशिक्षण दिया गया है, एनसीसी का मुख्य उद्देश्य है कि देश की युवक-युवतियों को डिफेंस डिपार्ट का सभी तरह का ट्रेनिंग देकर उन्हें देश के सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए ताकि अगर भविष्य में कभी भी देश पर कोई आपदा आता है तो एनसीसी कैडेट देश की सुरक्षा में लग जाएंगे, इसलिए इन्हें सभी तरह का प्रशिक्षण दिया जाता है कि ये देश की जवानों के साथ कंधा से कंधा मिला कर देश की सुरक्षा में भागीदार हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जो भी लड़के लड़कियां एनसीसी कैडेट होते हैं उन्हें सिविल सेवा डिफेंस सेवा सहित अन्य विभागों में नौकरी में छूट मिलती है। सूबेदार शिवचरण बड़ाईक ने लोगो से अपील करते हुए कहा कि अभिभावकों को जागरूक होने की आवश्यकता है। अभिभावक अपने बच्चों को एनसीसी के विषय में बताएं और बच्चों को एनसीसी से जोड़ने का कार्य करें ताकि लड़के लड़कियां अपनी आत्मरक्षा के साथ देश, राज्य की रक्षा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण में ड्रिल, मैप रीडिंग, राइफल शूटिंग सहित अन्य जानकारियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस मौके पर नायक सूबेदार जेके एक्का, हवलदार वीरेंद्र सिंह, हवलदार हिमांशु अहिर, रामाशंकर सिंह, धीरेंद्र कुमार मिश्रा, शशांक चौबे, शुभम चौबे सहित अन्य लोग उपस्थित थे।