गढ़वा : गायत्री शक्तिपीठ कल्याणपुर में नवनिर्मित शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवलिंग स्थापना सह प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी को लेकर गायत्री परिजनों की एक बैठक रविवार को मंदिर परिसर में की गयी। इसमें नौ मार्च से 12 मार्च तक चार दिवसीय कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की गयी।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुये बताया गया कि चार दिवसीय आयोजन की शुरूआत नौ मार्च की शाम में भजन-प्रवचन से किया जायेगा। दूसरे दिन 10 मार्च को मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली जायेगी। जबकि शाम में छह बजे से दूसरे दिन सुबह छह बजे तक 12 घंटे का अखंड कीर्तन किया जायेगा। 11 मार्च को अखंड कीर्तन के समापन के बाद शिवलिंग स्थापना सह प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपन्न होगा।
प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात शाम में दीप महायज्ञ के साथ नवयुग निर्माण का संकल्प लिया जायेगा। जबकि 12 मार्च को सुबह सात बजे से हवन यज्ञ एवं विविध संस्कार के साथ भंडारा एवं कार्यक्रम की पूर्णाहूति की जायेगी। बैठक में उपस्थित महिला-पुरूषों के बीच दायित्वों का बंटवारा किया गया। कलश यात्रा और प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अधिक से अधिक लोगों को शामिल कराने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर के पास मेले का भी आयोजन किया गया है।
बैठक में यज्ञ समिति के अध्यक्ष सरयू चंद्रवंशी, सचिव अशोक चंद्रवंशी, गायत्री परिवार के जिला समन्वयक विनोद पाठक, दिलीप तिवारी, संतन मिश्र, वार्ड पार्षद राजेश ठाकुर, अरुण पांडेय,अखिलेश कुशवाहा, आलोक रंजन दूबे, मिथिलेश कुशवाहा, प्रभुदयाल प्रजापति, अनिल विश्वकर्मा, वृंदा ठाकुर, कन्हाई चंद्रवंशी, अरूण प्रजापति, राजेश्वर प्रजापति, अजीत शर्मा, शोभा पाठक, सुनंदा दूबे, सुनीता देवी, प्रियंका देवी, शांति देवी, उर्मिला देवी, ललिता देवी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।