गढ़वा : शहर के टंडवा मुहल्ला निवासी समीर दास, उम्र 28 वर्ष, आज सुबह 9 बजे के लगभग गढ़वा से वापस टंडवा जाने के क्रम में कमांडर गाड़ी से धक्का लगने के कारण गंभीर रुप से घायल हो गए। झामुमो छात्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें सदर अस्पताल गढ़वा लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में प्रत्यदर्शियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार टंडवा निवासी समीर दास आज सुबह 9 बजे के करीब गढ़वा से अपने घर टंडवा जा रहे थे। इसी बीच दानरो नदी के पुल पर पीछे से आ रही कमांडर जीप ने समीर दास को जोरदार टक्कर मार दी एवं कमांडर ले कर मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि समीर दास पुल से नीचे गिर गए। उसके बाद वहां उपस्थित लोगों ने फोन कर झामुमो छात्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी दी।
जानकारी मिलने के बाद छात्र मोर्चा के अमित पांडेय तथा छोटु केशरी ने मानवता का परिचय देते हुए अपने अन्य सहयोगियों के साथ घटना स्थल पर तुरंत पहुँचे। वहाँ पहुंच कर अपने दल के वरिष्ठ पदाधिकारियों के सहयोग से एम्बुलेंस बुलाकर घायल समीर दास को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहाँ मौजूद चिकित्सक द्वारा उनका इलाज किया गया। चिकित्सक के अनुसार समीर दास को कमर एवं शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट लगी है। फिलहाल घायल की स्थिति खतरे से बाहर है।