बंशीधर नगर : बंशीधर नगर व्यवसायी संघ ने देशी उत्पाद को पहचान दिलाने के लिये एक सराहनीय प्रयास किया है। संघ ने बेरोजगारी पर कड़ा प्रहार, आओ मिलकर बढायें व्यापार, अपना हुनर अपनी पहचान कार्यक्रम के तहत आगामी 3 अप्रैल को प्रतियोगिता आयोजित की है। प्रतियोगिता के माध्यम से हुनर प्राप्त लोगों को व्यापार बढ़ाने का अवसर मिलेगा। व्यवसायी संघ वैसे हुनर प्राप्त करने वाले को सहयोग करेगी। व्यवसायी संघ की इस पहल से हुनरमंद युवाओं को और उनके उत्पाद को जहां नई पहचान मिलेगी। वहीं उनके उत्पाद का सही मूल्य मिलेगा और उसकी ब्रांडिंग भी होगी।
गुलाब मेमोरियल मार्केट परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान संघ के अध्यक्ष शंभू सौदागर व उपाध्यक्ष हृदयानंद कमलापुरी ने कहा कि बंशीधर नगर अनुमंडल मुख्यालय में कई लोगों के पास अपनी हुनर है।
लेकिन वे उस हुनर को रोजगार के रूप में प्रयोग नहीं कर पाते हैं। व्यवसायी संघ ऐसे हुनर प्राप्त लोगों के लिये रोजगार करने का सुनहरा अवसर दिया है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि विभिन्न प्रकार के अचार, पापड़, चीप्स, पेंटिंग, मोमबत्ती व अगर बत्ती बनाने सहित अन्य ऐसी चीजें जो लोग बना सकते हैं, वैसे लोगों को प्रतियोगिता के माध्यम से गुणवत्ता युक्त सामग्री को बाजारों में उपलब्ध कराने के लिये सहयोग करेगा। उनलोगों ने कहा कि उत्पाद को बाजारों में उपलब्ध कराने के बाद उससे आने वाले मुनाफा संबंधित हुनर प्राप्त लोगों को दिया जायेगा। ताकि व्यापार में उनका रोजगार सृजन हो सके। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रतियोगिता 3 अप्रैल को आयोजित की जायेगी।
उनलोगों ने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागी के लिये संघ के द्वारा नि:शुल्क फॉर्म उपलब्ध कराया गया है।
संघ के अध्यक्ष शंभू सौदागर, उपाध्यक्ष हृदयानंद कमलापुरी, सचिव राजीव जायसवाल, कोषाध्यक्ष आनंद अग्रवाल, गोपाल जायसवाल, संतू कसेरा एवं उमेश कुमार चाहत के पास फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। फॉर्म लेने की अंतिम तिथि 20 मार्च तथा भरने की अंतिम तिथि 25 मार्च तक निर्धारित की गई है।
प्रेसवार्ता में व्यवसायी संघ के सचिव राजीव जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष गोपाल जायसवाल, तस्लीम खान, संजय कसेरा, उमेश कुमार चाहत, सुजीत अग्रवाल सहित संघ के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।