सगमा : सगमा अनुमंडल पदाधिकारी सह सगमा प्रखण्ड के मनरेगा प्रभारी कमलेश्वर नारायण ने शनिवार को सगमा प्रखण्ड में चल रहे विकास योजनाओं का औचक निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान कई योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर कई दिशानिर्देश दिए।
उन्होंने सर्वप्रथम सगमा गांव में सुभाष प्रसाद यादव, अमन जयसवाल और चन्द्रशेखर प्रसाद यादव के खेत मे बागवानी के लिए तैयार किए जा रहे गड्ढा खुदाई के साथ सतेंद्र पासवान के खेत मे चल रहे मेढ़बंदी का निरीक्षण किया। बीरबल पंचायत के बैलिया गाँव मे बिनोद मिश्रा के खेत मे बागवानी में लगे मजदूरो से बात कर शारीरिक दूरी के साथ काम करने की बातें कही। वहीं सभी योजनाओं में प्रवासी मजदूरों को प्राथमिकता के आधार पर मनरेगा योजनाओ में जोड़ने का निर्देश दिया।
बागवानी लगाने वाले किसानों को भी इसके रखरखाव के विषय में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जुलाई माह के प्रथम सप्ताह से पौधा लगाने का कार्य शुरु करना है।
इस अवसर पर बीडीओ रणजीत कुमार सिन्हा, बीपीओ चन्द्रशेखर चौबे, पंचायत सेवक सुदर्शन राम, मुखिया नारायणदास यादव, उप मुखिया इशहाक अंसारी, दिवाकर मिश्रा, सुरेश राम आदि लोग उपस्थित थे।