बंशीधर नगर : नगर पंचायत के सभागार में गुरुवार को नगर पंचायत अध्यक्ष विजया लक्ष्मी देवी की अध्यक्षता में नगर पंचायत बोर्ड की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पूर्व में लिए गये निर्णयों की समीक्षा की गई। बैठक में वर्ष 2021 -22 को लेकर बजट पारित किया गया। नगर पंचायत को सुंदर व स्वच्छ बनाने को लेकर 30 करोड़ 13 लाख 60 हजार का बजट पारित किया गया। पारित किए गए बजट में मुख्य रूप से सभी वार्डों में पक्की सड़क, पटिया युक्त नाली तथा शहर को सुंदर बनाने के लिए पार्क को शामिल किया गया है। बैठक के दौरान 14 वें वित्त आयोग तथा 15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत योजना की स्वीकृति दी गई। बैठक में शहरी क्षेत्र में प्रवेश करने के लिए तीन तोरण द्वार का निर्माण कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में शहर के विकास को लेकर सब्जी बाजार की बंदोबस्ती, टेंपो स्टैंड की बंदोबस्ती, शहरी क्षेत्र के अंतर्गत सरकारी डैम, तालाब में मछली पालन की बंदोबस्ती करने का निर्णय लिया गया। स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई के लिए टिप्पर तथा जेसीबी नगर पंचायत में उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
वार्ड पार्षद नीरज कुमार के द्वारा सब्जी बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने कि मांग किया गया। कार्यपालक पदाधिकारी ने कमिटी बनाकर अतिक्रमण मुक्त करने की बात कही। बैठक में नगर पंचायत में लगे मॉडूरल शौचालय में बिजली पानी की व्यवस्था करने, सभी वार्डों में जल मीनार का निर्माण कराने, जल संरक्षण को लेकर शहरी क्षेत्र के अंतर्गत सभी तालाब, अहरा का सौंदर्यीकरण करने, सभी वार्डों में जल संचय को लेकर सोखता का निर्माण कराने की स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सभी प्रतिनिधि एकजुट होकर शहर के विकास के लिए आगे आए। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में पक्की सड़क, नाली, लाइट की व्यवस्था हो इसके लिए नगर पंचायत के सभी प्रतिनिधि सहयोग करें। बैठक में सभी वार्डों में पीसीसी सड़क तथा नाली निर्माण को लेकर चयनित योजनाओं को भी स्वीकृति दी गई। विधायक प्रतिनिधि अशोक सेठ द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र को सुंदर बनाने को लेकर देव दर्शन में विधायक द्वारा लिए गए योजनाओं को भी बोर्ड की बैठक में स्वीकृति दिलाया गया।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार, उपाध्यक्ष लता देवी, विधायक प्रतिनिधि अशोक सेठ, सहायक अभियंता शशि रंजन, कनीय अभियंता राजीव कुमार, कौशल कुमार, उदय शंकर, सिटी मैनेजर रवि कुमार, आलोक कुमार, सीएमएम आलोक तिवारी, नाजिर दिलीप कुमार, लेखा प्रबंधक अमित कुमार, वार्ड पार्षद नसरुल्लाह खान, शकील अहमद, रंजन कुमार छोटू, राजकुमार, चंचला देवी, राजेश कुमार, अनिल कुमार गुप्ता, मीरा देवी, इंद्रावती देवी, कामेश राम, पुष्पा देवी, नीरज कुमार, शम्भू राम, संध्या देवी सहित नगर पंचायत के कर्मी उपस्थित थे।