गढ़वा : नगर परिषद क्षेत्र वार्ड नंबर 20 मेन रोड टंडवा में अभी तक नाली नहीं बना है। वर्षों बीत गए नगर परिषद बने हुए। घर के सामने गंदे पानी से जाम लगा हुआ है। पानी एक जगह एकत्रित होने से मलेरिया जैसे महामारी फैलने का डर बना हुआ है। शाम होते ही मच्छर फैल जाते हैं।
दुकानदार संजय गुप्ता ने बताया कि अभी तो हमारे घर के बाहर नाली का गंदा पानी जमा हुआ है। जब बरसात आता है तो जी डर जाता है। कारण है कि नाली का गंदा पानी हमारे घरों में घुस जाता है, जिससे हम सभी परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद का जो भी टैक्स है, हम लोग सही समय पर भरते हैं। लेकिन सुविधा के नाम पर ठगा महसूस करते हैं। इसकी शिकायत नगर परिषद के वार्ड पार्षद सविता देवी से कई बार किए हैं, लेकिन अभी तक कोई फायदा नहीं हुआ है।

आसपास के घर वाले तथा दुकानदार अनय गुप्ता ने बताया कि कचरा डंपिंग का कोई भी सुविधा नहीं है, जिससे हम लोगों को कचरा घर से बाहर एक जगह जमा करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद की गाड़ी आती है तो जल्दबाजी में चला जाता है। जिसे हम लोग कचरा गाड़ी में नहीं डाल पाते हैं। अगर एक जगह जमा करने का नगर परिषद के द्वारा कोई व्यवस्था किया जाता तो बहुत ही आसान होता है।