बंशीधर नगर : सरकार धान केंद्र खुलवा कर किसानों का धान खरीद करने के लिए सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, वहीं गोदाम प्रबंधक तथा बिचौलिया सरकार की योजना को फेल करने में लगे हुए हैं।
ऐसा ही मामला जिले के सगमा प्रखंड का आया जहां धान केंद्र में किसानों का धान को पैक करने के लिए एफसीआई द्वारा खाली बोड़ा उपलब्ध कराया जाने के बाद प्रबंधक व बिचौलिया बीच सड़क सटे प्रखंड बंशीधर नगर के बरडीहा गाव में ही ट्रक को खड़ा कर खाली बोड़ा उतारने लगे। बोड़ा उतारने के दौरान जैसे ही भनक स्थानीय ग्रामीणों को मिला। ग्रामीणों के उक्त स्थल पर पहुंचने के दौरान ही एफसीआई गोदाम से खाली बोड़ा लेकर खड़े ट्रक चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
घटना मंगलवार की रात लगभग नौ बजे की बताई जाती है। हालांकि इस दौरान खाली बोड़ा लेकर आ रहे ट्रक चालक रामराज कुमार ने स्वीकार किया कि एफसीआई गोदाम से बोड़ा का उठाव किया गया है और सगमा प्रखंड स्थित धान क्रय केंद्र में पहुंचाने का जिम्मा मिला है। उसने बताया कि गोदाम प्रबंधक द्वारा ही बताया गया कि उक्त स्थान पर खड़ा कर एक पिकअप लगा है उसे बोड़ा उतार कर दे देना। इसलिए गोदाम प्रबंधक के आदेश का पालन कर रहा है।
इधर ट्रक से खाली बोड़ा उतारे जाने वाले स्थल पर पहुंचने वाले ग्रामीण रईस अंसारी, परवेज आलम, रिजवान अहमद ने बताया कि सूचना प्राप्त हुआ कि बरडीहा ग्राम के समीप ट्रक से धान पैक करने के लिए उपलब्ध कराए गए खाली बोड़ा गोदाम प्रबंधक व बिचौलिया के मिलीभगत से बेचा जा रहा है।
जैसे ही हम लोगों पहुंचे वैसे ही दोनों वाहन चालक अपनी गाड़ी लेकर भाग निकले।
इस मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दीपक मिंज ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद इस मामले में जो भी दोषी होगा उस पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।