▪️उपायुक्त के कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन
▪️उपायुक्त के कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन
गढ़वा : उपायुक्त, राजेश कुमार पाठक के कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, उसी के निमित्त आज उपायुक्त ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखते हुए समाधान की गुहार लगाई।
सर्वप्रथम जनता दरबार में ग्राम- चुटिया, थाना- रंका निवासी रामसेवक साव ने उपायुक्त को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि गांव में कुछ लोग जबरन मेरी जमीन को हड़पने का प्रयास कर रहे हैं।
उनके द्वारा मेरी वासीगत भूमि पर गलत तरीके से मांग कायम करा ली गई है तथा फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसके आधार पर जमीन को हड़पने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में उन्होंने उपायुक्त से जांच उपरांत एक ही भूमि का गलत तरीके से मांग कायम करने को निरस्त करने संबंधी आदेश पारित करने का अनुरोध किया। वहीं जनता दरबार में अगली फरियादी ग्राम- हरादाग खुर्द, थाना- रमना निवासी पुष्पा देवी ने भी भूमि विवाद से संबंधित समस्या से उपायुक्त को अवगत कराते हुए कहा कि ग्राम हरादाग खुर्द में मैंने 9 डिसमिल जमीन की खरीद की है। परंतु अब कुछ व्यक्तियों के द्वारा जबरन उस भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है साथ ही उनके द्वारा हमें धमकी भी दी जा रही है।
उन्होंने उपायुक्त से उक्त संदर्भ में कार्रवाई करने की मांग की।
जनता दरबार में अगले फरियादी ग्राम/ पोस्ट- हासनदाग, थाना- मेंराल निवासी भिखारी चौधरी ने उपायुक्त को अपनी समस्या से अवगत कराते हुए कहा कि मेरी रैयती भूमि पर कुछ व्यक्तियों के द्वारा जबरदस्ती मकान निर्माण किया जा रहा है। उन्हें रोकने के क्रम में उनके द्वारा मारपीट करते हुए मुझे चोटिल भी कर दिया गया। इस संदर्भ में थाने में कार्यवाई भी की गई है। उन्होंने उपायुक्त से उक्त जमीन पर मकान निर्माण के कार्य को स्थगित करने का आग्रह किया। इसके अलावा जनता दरबार में अगले फरियादी ग्राम- पचपड़वा, पोस्ट- सोह निवासी अरुण लाल ने उपायुक्त से निवेदन करते हुए कहा कि मैंने राशन के लाभ हेतु डीलर चेंज करने एवं सूची में नाम जोड़ने को लेकर जिला आपूर्ति कार्यालय में अनुरोध किया था, लेकिन वहां हमारी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
वह बताते हैं कि जनवरी माह से लेकर अब तक डीलर चेंज नहीं हुआ है, वर्तमान डीलर विवादी है जिसके कारण पचपड़वा ग्राम के लोग राशन का उठाव नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में उन्होंने उपायुक्त से डीलर चेंज करने की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया।
जनता दरबार में इसके अलावा भूमि विवाद से संबंधित मामले, मछली मारने गए युवक की डूबने से मौत से संबंधित मुआवजा उपलब्ध कराने, भूदान जमीन से बेदखल करने, कोविड-19 में सूखा राशन पैकेट आपूर्ति के बकाया राशि का भुगतान करने, प्रधानमंत्री आवास मुहैया कराने, धान क्रय केंद्र के ठीक ढंग से संचालन नहीं होने, गलत तरीके से मांग कायम कर जमीन हड़पने समेत अन्य से जुड़े कुल 24 आवेदन आये जिन्हें उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को अग्रसरित करते हुए जल्द से जल्द उसका निष्पादन करने का निर्देश दिया।