गढ़वा : गढ़वा - मेदनीनगर मुख्य मार्ग पर हूर मोड़ के पास हुई टैम्पू दुर्घटना में 5 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। घटना में घायल टेढ़ी हरैया गांव निवासी अली करीम की पत्नी नजबुल बीवी 50 वर्ष, तिलदाग गांव निवासी दीनानाथ उरांव का पुत्र सूर्यदेव उरांव 20 वर्ष, उडसुग्गी गांव निवासी प्रमोद मोची 50 वर्ष व उसकी पत्नी विंध्याचल देवी 48 वर्ष, सदर थाना क्षेत्र के नगवा मोहल्ला गांव निवासी शिव प्रसाद की पत्नी कोशीला देवी 60 वर्ष का नाम शामिल है।
घटना के संबंध में घायलों ने बताया टैम्पू शहर के टैम्पू स्टैंड से खुलकर तिलदाग गांव जा रही थी। सभी लोग उसी टैम्पू पर सवार होकर गढ़वा बाजार करके अपने अपने घर जा रहे थे।
उसी बीच हूर मोड़ के पास तीखा मोड़ होने के कारण टैम्पू अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिस पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों के सहयोग से सभी घायलों को उठाकर तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी मोहम्मद इरफान सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों से हालचाल जाना। घटना में सभी घायल के शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोट आई है। चिकित्सकों ने नजबुल बीवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया।