बंशीधर नगर : गुरुवार की रात हुई तेज वर्षा के पानी से नगर पंचायत को स्वच्छ और सुंदर बनाने की पोल खुल गई है। क्षेत्र के वार्ड संख्या तीन व पांच के कई घरों में बरसात का पानी घुसने से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नही होने के कारण विगत रात्रि हुई तेज वर्षा के कारण नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या तीन व पांच के कई घरों में वर्षा का पानी घुस गया जिसके कारण लोगो को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रात भर जागकर लोग अपने अपने घरों से पानी निकालने में लगे रहे। वार्ड संख्या तीन के रविन्द्र हलवाई,आशा कुँवर,संतोष कुमार,मुन्ना कुमार,अमर महतो आदि ने बताया कि रात में वर्षा का पानी घरो में घुसने और गन्दा पानी से आ रहे दुर्गंध के कारण घर मे रहना मुश्किल हो गया है।
वार्ड संख्या पांच जंगीपुर ग्राम स्थित पहाड़ी टोला निवासी विजय पासवान के घर मे वर्षा का पानी भर गया। विजय पासवान ने बताया कि विगत रात्रि वर्षा का पानी जब घर मे घुसने लगा तब हमलोग घर से निकलकर बाहर आ गये तथा बगल के दूसरे के नवनिर्मित घर मे रहकर रात गुजारी। सुबह होने पर किसी तरह घर से पानी निकाला।इधर वार्ड संख्या 12 में विजय जायसवाल के घर के निकट पथ पर जल जमाव के कारण लोगो को आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड संख्या तीन में जब लोगो के घर मे पानी घुसने की जानकारी विधायक प्रतिनिधि अशोक सेठ को हुई तो उन्होंने अपने निजी खर्च पर जेसीबी लगाकर पानी निकासी की व्यवस्था कराई।