भवनाथपुर : भवनाथपुर क्षेत्र के बुका पनियाही टोला में बीती रात्रि एक 32 साल के युवक ने 50 वर्षीय वृद्ध असहाय व बीमार महिला के साथ दुष्कर्म किया। भवनाथपुर थाना पुलिस को ग्रामीणों के द्वारा सूचना मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा जा रहा है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि आरोपी 32 वर्षीय अजय पासवान, पिता अर्जुन पासवान, यूपी कोन कचनरवा हड़बड़िया गांव निवासी पीड़ित के घर बीती रात्रि झाड़ - फूक के लिए आया था और रात्रि में झाड़ - फूंक के पश्चात शराब व मांस का सेवन कर पीड़ित के घर में ही रुका था। रात्रि 11 बजे के लगभग पीड़िता के विधवा छोटी गोतनी घर के अंदर सोई थी जिससे वह छेड़ - छाड़ करने लगा।
महिला के द्वारा शोर गुल करने के बाद परिवार वालों द्वारा उसे डांट कर सुला दिया गया। परन्तु कुछ देर बाद आरोपी ने घर में सोई असहाय 50 वर्षीय वृद्ध महिला जो दो वर्षों से लकवा ग्रस्त है और बेड पर ही रहती है, के साथ जबरन दुष्कर्म कर दिया। वृद्ध महिला के द्वारा विरोध के क्रम में आवाज सुन कर घर में सोये सभी सदस्य उठ गए व आरोपी को मारपीट कर बंधक बनाते हुए, भवनाथपुर थाना को सूचित किए।
तत्काल रात्रि में ही थाना प्रभारी सीबी सिंह द्वारा घटना स्थल पर पहुंच कर आरोपी को बन्धन से मुक्त कराते हुए थाना लाया गया व पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई। आरोपी अजय पासवान झाड़ - फूंक के साथ - साथ वर्तमान में श्री बंशीधर नगर के अनुमंडल कार्यालय में निर्माणाधीन कंस्ट्रक्शन में सरिया सेंटरिंग का कार्य करता है।
जिसके साथ ही पीडिता का पुत्र संतोष भी मजदूरी का कार्य करता है। घटना के दिन पीड़िता के पुत्र संतोष भुंइया को मिर्गी की बीमारी की झाड़ - फूंक करने उसके घर पनियाही आया था ।