गढ़वा : जिले के रंका प्रखंड में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खोलने के लिए गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री अर्जुन को मांग पत्र सौंपा है। मंत्री श्री ठाकुर ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री श्री मुंडा के रांची स्थित आवास पर मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। राज्य सरकार ने इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है। रंका, रमकंडा एवं चिनिया प्रखंड को मिलाकर रंका में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खोलने की मांग की गई है।
जानकारी देते हुए मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि पूर्व में भी केंद्रीय मंत्री को इस संबंध में स्मारित किया जा चुका है।
मंत्री ने बताया कि इसके लिए रंका में भूमि का भी चयन कर लिया गया है। केंद्रीय मंत्री को सौंपे पत्र में मंत्री श्री ठाकुर ने कहा है कि गढ़वा जिले के रंका, रमकंडा एवं चिनिया प्रखंड आदिम जनजाति बहुल क्षेत्र है। इस समुदाय के लोग काफी पिछड़े हैं। इन तीनों प्रखंडों में एक भी प्लस टू विद्यालय संचालित नहीं है। सुदूर क्षेत्र के आदिम छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। परिस्थिति वश कई लोग बीच में ही पढ़ाई छोड़ने को विवश हैं। एकलव्य आदर्श विद्यालय खोले जाने से इस क्षेत्र के आदिम जनजाति समुदाय के लिए वरदान साबित होगा। क्षेत्र के आदिम जनजाति एवं पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा ग्रहण कर देश के विकास में भागीदार बन सकेंगे।
मंत्री श्री ठाकुर ने बताया कि उनकी मांग पर राज्य सरकार ने विद्यालय खोलने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया है।